- Hindi News
- फिजियोथैरेपी से कुष्ठ मरीजों के हाथ पैरों में डाल रहे जान
फिजियोथैरेपी से कुष्ठ मरीजों के हाथ पैरों में डाल रहे जान
जशपुरनगर| कुष्ठरोग की वजह से शरीर में आई विकृति को दूर करने के लिए यहां जिला अस्पताल परिसर में बीते माह तीन दिनों का रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी कैंप लगाया गया था। जिसमें विशेषज्ञ सर्जन डाॅ. केएम कांबले ने उनकी सर्जरी की थी।
कैंप में 12 मरीजों की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी हुई थी। सर्जरी के बाद उनमें से 11 मरीज अब रोजाना फिजियोथैरेपी कराकर अपने हाथ-पैरों में जान डालने की कोशिश कर रहे हैँ। इससे उन्हे काफी लाभ भी हो रहा है और इससे वे बेहद खुश भी हैं। उन्हें जिला अस्पताल के फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. जयप्रकाश पैकरा फिजियोथैरेपी दे रहे हैं। इन मरीजों को 5 दिसंबर से 22 दिसंबर तक यह ट्रीटमेंट दिया जाएगा। कुष्ठ रोग की रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी के बाद फिजियो थैरेपी के लिए फिजियोथैरेपिस्ट ने रायपुर में दो दिनों का विशेष प्रशिक्षण भी प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद मरीजों के जिन अंगों में मूवमेंट नहीं था, उसमें अब मूवमेंट हो रहा है। मरीजों का सुधार काफी तेजी से हो रहा है। डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि कुष्ठ रोग के कारण कई मरीजों के हाथों और पैरों में अनेक प्रकार की विकृतियां उत्पन्न हो जाती है।
जिला हॉस्पिटल में भर्ती मरीज।
बीते माह हुई थी सर्जरी
रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी एवं उसके बाद फिजियोथैरेपी से रोगी के प्रभावित अंग को ठीक करने में सहायक होती हैं और कुष्ठ रोग से पीड़ित व्यक्ति को अपनी दैनिक गतिविधियों करने में आत्मनिर्भर बनाती हैं।