- Hindi News
- ढाई हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने दी नवोदय प्रवेश परीक्षा
ढाई हजार से ज्यादा स्टूडेंट्स ने दी नवोदय प्रवेश परीक्षा
385 विद्यार्थी अनुपस्थित, सभी केंद्रों में शांतिपूर्ण परीक्षा हुई
भास्करन्यूज | जशपुरनगर
शनिवार को जिले में नवोदय विद्यालय में चयन के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए जिले में कुल 9 केंद्र बनाए गए थे। नवोदय विद्यालय के प्राचार्य बीपी गुप्ता ने बताया कि चयन परीक्षा के लिए कुल 2 हजार 954 विद्यार्थियों का पंजीयन किया गया था। जिसमें से 2 हजार 569 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। जबकि 385 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा के लिए जिले में बगीचा ब्लॉक के लिए जशपुर के विजयभूषण सिंह देव कन्या महाविद्यालय, दुलदुला के लिए सशिमं, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरनगर, फरसाबहार के लिए शास. उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, गम्हरिया, जशपुर के हॉली क्रास कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, घोलेंग, कासाबेल के लिए शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जशपुरनगर, कुनकुरी के लिए मॉडल स्कुल, डोरकाचौरा, जशपुरनगर, मनोरा के लिए महावीर दिगंबर जैन पब्लिक स्कूल, जशपुरनगर, पत्थलगांव के लिए शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,जशपुरनगर, सेंट जेवीयर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय,जशपुरनगर को केंद्र बनाया गया था। परीक्षार्थियों की अधिक संख्या को देखते हुए पत्थलगांव में दो परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। परीक्षा में शामिल होने के लिए सुबह से ही बच्चे अपने अभिभावकों के साथ परीक्षा केंद्रों में पहुंचने लगे थे। समय से पहले ही परीक्षा केंद्र पहुंचकर अभिभावकों ने बच्चों के रोल नंबर और परीक्षा कक्ष के बारे में जानकारी हासिल कर ली। जिसके बाद विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्ण और बिना किसी गड़बड़ी के संचालित हो, इसके लिए सहायक आयुक्त जेआर नागवंशी सहित अन्य अधिकारी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहे। जिले के सभी केंद्रों में शांतिपूर्वक परीक्षा संपन्न हो गई।
नवोदय विद्यालय में चयन के लिए प्रवेश परीक्षा देते परीक्षार्थी