जेंडर दिल्ली में दिखाएगा प्रदर्शनी
विज्ञानप्रदर्शनी में सुरक्षा उपकरण का माॅडल बनाने वाले छात्र का दिल्ली के लिए चयन हुआ है। वह 3 अक्टूबर को दिल्ली में होने वाले राष्ट्रीय प्रदर्शनी में माॅडल के साथ शामिल होगा। फरसाबहार ब्लॉक सागजोर गांव के माध्यमिक स्कूल के छात्र जेंडर टेटे ने विज्ञान प्रदर्शनी में सुरक्षा उपकरण प्रस्तुत किया था।
जिसे जशपुर में आयोजित जिला स्तरीय प्रदर्शनी में 36 माॅडलों के साथ राज्य स्तरीय प्रदर्शनी, रायपुर के लिए चयन किया गया। 2 सितंबर को राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में जिले के तीन मॉडलों का चयन दिल्ली के लिए किया गया। जिसमें जेंडर भी शामिल है। चयन से उत्साहित छात्र इससे काफी उत्साहित होकर दिल्ली जाने की तैयारी कर रहा है। वहीं माता-पिता, कूली प्रबंधन सहित पूरे क्षेत्र के लोग गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। माॅडल बनाने में प्रेरित करने वाले शिक्षक जितेंद्र कुमार गुप्ता ने बताया की छात्र संसाधन विहीन क्षेत्र का है। इसके बावजूद उसकी विज्ञान में गहरी रुचि रही। इसके द्वारा खाली समय में भी कुछ कुछ करते रहने की ललक बनी हुई है। यही कारण है कि आज वह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच गया। जो निश्चय ही क्षेत्रवासियों के लिए गर्व का विषय है। जेंडर टेटे के अलावा जशपुर मॉडल स्कूल के नागेश कुमार एवं बगीचा के संस्कृत स्कूल के राम प्रवेश यादव का भी चयन दिल्ली के लिए हुआ है। नागेश ने आदर्श एअर कंडीशन एवं रामप्रवेश ने जेसीबी का मॉडल राज्य स्तर में प्रदर्शित किया था।