सरपंच सदन पर सीईओ का कब्जा
जशपुरनगर|अनिवार्य परिस्थितियोंमें सरपंचों के रुकने के लिए दुलदुला ब्लॉक मुख्यालय में बनाए गए सरपंच सदन में जनपद सीईओ ने कब्जा जमा लिया है। वे वहां निवास बनाकर रह रहे हैं। जिससे सरपंचों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा मंडल अध्यक्ष कपिलदेव साय सहित कई सरपंचों ने जिले के प्रभारी मंत्री को इससे अवगत कराते हुए सरपंच सदन खाली कराने की मांग की है।
उनकी समस्याओं को देखते हुए प्रभारी मंत्री रामसेवक पैकरा ने कलेक्टर को जांच कर कार्रवाई करने को कहा है। दुलदुला में सरपंच सदन का निर्माण 2013 में पूरा हो गया था। सरपंचों को जनपद पंचायत में काम करते हुए रात होने या देरी होने की स्थिति में उनके रुकने के लिए शासन ने सरपंच सदन का निर्माण कराया है। जनपद पंचायत दुलदुला के सरपंच रोजाना किसी किसी कार्य से दुलदुला आते हैं। बस छूटने के कारण या देरी हो जाने के कारण वे सरपंच सदन में ठहरकर आराम कर सकते हैं। पर वहां जनपद सीईओ का निवास बन जाने के कारण इसका लाभ सरपंचों को नहीं मिल पा रहा है और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मंडल अध्यक्ष कपिलदेव साय सरपंचों का कहना है कि सीईओ ने सरपंच सदन पर जबरन कब्जा कर रखा है, जो उचित नहीं है। इसे जल्द खाली कराने की मांग उन्होंने की है।