सराफा व्यवसायियों ने बंद रखी दुकानें, किया विरोध प्रदर्शन
केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ बुधवार जिले के सराफा दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर अपना विरोध प्रदर्शन किए। सराफा दुकान बंद होने से शादी की खरीदारी करने वालों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
बुधवार को सराफा दुकानदार केंद्र सरकार की गलत नीतियों के खिलाफ अपनी दुकानें बंद रखी। दुकानदारों का कहना है कि 2 लाख रुपए से अधिक के आभूषण बिक्री एवं पुराने जेवर को नया बनवाने पर पैन कार्ड की अनिवार्यता केंद्र सरकार थोपी जा रही है। यह व्यापार के हित में नहीं है। उन्होंने कहा कि इस कानून को तत्काल प्रभाव से निरस्त कर देना चाहिए। सराफा संघ के अध्यक्ष मुन्नी लाल सोनी ने बताया कि सराफा व्यवसाय में 1 लाख और 2 लाख तक की खरीदी तो आम बात है। इन दिनों सोना और अन्य जेवरों की कीमतों में भी दिनों दिन वृद्धि हो रही है। शादी विवाह के सीजन में यदि कोई ग्राहक खरीदी करने आता है तो बढ़ रही कीमतों के कारण वह 1 से 2 लाख की खरीदी तो करता ही है। ऐसे में यदि केंद्र सरकार द्वारा 2 लाख रुपए की खरीदी में पैन कार्ड को अनिवार्य कर दिया जाएगा तो दुकानदार के साथ-साथ ग्राहकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। जिले के सराफा संघ ने मांग की है कि 2 लाख के आभूषण खरीदी को बढ़ा कर 5 लाख की खरीदी में पैनकार्ड को अनिवार्य किया जाना चाहिए। इस दौरान अशोक सोनी, शिवनारायण सोनी, अनिल सोनी, विक्की सोनी, राजेश सोनी, मनोज सोनी, राकेश सोनी सहित अन्य सराफा व्यवसायियों ने भी अपनी दुकान बंद रखी।
दुकान बंदकर विरोध प्रदर्शित करते सराफा व्यवसायी।