विद्यार्थियों को परीक्षा देने 18 किमी करना पड़ेगा सफर
माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं में अब एक पखवाड़ा से भी कम का समय बचा है। शिक्षा विभाग द्वारा परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्र बना दिए गए हैं। कई स्कूलों के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र तक जाने का लंबा सफर तय करना पड़ेगा। कहीं कहीं तो यह दूरी 18 किलोमीटर तक है।
बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र बनाने के बाद केंद्र में केंद्राध्यक्षों की नियुक्ति कर दी गई है। प्रशासन एवं जिला शिक्षा विभाग का प्रयास है कि परीक्षा के दौरान परीक्षार्थियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो व केंद्र में सारी सुविधाएं उपलब्ध हो। जिले में कई ऐसे केंद्र हैं, जहां पहुंचने के लिए विद्यार्थियों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इन परीक्षा केंद्र से संंबंधित स्कूल के परीक्षार्थियों को करीब 5 किलोमीटर से लेकर 18 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ेगा। इसके लिए परीक्षार्थियों को कम से कम 1 घंटा पहले घर से निकलना पड़ेगा। अधिक समस्या उन गरीब परीक्षार्थियों को होगी, जिनके घरों में बाइक या अन्य वाहनों के अलावा साइकिल की सुविधा भी नहीं है। ऐसे में या तो उन्हें किराए पर वाहन कर के परीक्षा केंद्र जाना होगा, या फिर किसी से लिफ्ट लेकर। इस साल बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 72 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। इस साल 10 वीं की बोर्ड परीक्षा में 13 हजार 627 और 12 वीं की परीक्षा में 9 हजार 119 परीक्षार्थियों के बैठने की संभावना है।
फाईल फोटो
साधन विहीन छात्रों को सबसे बड़ी चिंता
उपयुक्त अधिकांश परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने के लिए अधिकांश छात्रों के पास कोई साधन नहीं है। एक छात्र दीपक टोप्पो ने बताया कि नजदीक के स्कूलों में सेंटर देने से कम से कम पैदल आ जा सकते थे। उनका कहना है कि शासन काे चाहिए की परीक्षा के दिनों में उनके घरों से परीक्षा केंद्रों तक लाने ले जाने के लिए बसो की व्यवस्था मुहैया कराई जानी चाहिए।
किस स्कूल के विद्यार्थियों को
कितना दूर चलना पड़ेगा
सबसे अधिक दूरी बगीचा ब्लॉक के चंपा के स्कूली विद्यार्थियों को तय करनी पड़ेगी। वे 18 किलोमीटर दूर सन्ना जाएंगे। सरबकांेबो के छात्र 18 किलोमीटर दूर नारायणपुर, कस्तुरा के छात्र 17 किलोमीटर, लवाकेरा के बच्चों को 15 किलोमीटर दूर तपकरा, सुलेशा के विद्यार्थियों को 15 किलोमीटर दूर पंडरापाठ, बनगांव के बच्चों को 12 किलोमीटर दूर बनगांव, रमसमा के विद्यार्थियों को 12 किलोमीटर सफर कर जोकबहला परीक्षा केंद्र जाना पड़ेगा।