ग्वालियर को हराकर बैंगलुरू पहुंचा सेमीफाइनल में
दिलीप सिंह जूदेव स्मृति ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के पुल बी के मुकाबले में शुक्रवार को नेशनल फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर और एमईजी बैंगलुरू की टीमों के बीच मैच खेला गया। एमईजी बैंगलुरू प्रतियोगिता में अपना दूसरा मैच खेल रही थी। इस मैच का पहला हाफ बिना किसी गोल के बराबरी पर छूटा और पहले हाफ में दोनों टीमों में लगभग बराबरी का मुकाबला दिखा।
दोनों ही टीमों मे नार्थ-ईस्ट प्रदेशों सिक्किम, असम और नागालैंड के खिलाडी खेल रह थे और दोनों ही टीमों ने एक तर्ज पर बेहद तेज और छोटे-छोटे पास के साथ कलात्मक फुटबाल का प्रदर्शन कर खचाखच भरे रणजीता स्टेडियम के दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। मैच का पहला गोल दूसरे हाफ के करीब 15 वें मिनट में एमईजी बैंगलुरू के खिलाडी जर्सी न. 13 क्रिस्तोफर ने डी के बाहर से दमदार शूट के जरिए किया जिसे नेशनल फिजिकल एजुकेशन ग्वालियर का गोलकीपर रोकने में नाकाम रहा हालांकि तब तक के मैच में ग्वालियर के गोलकीपर कई शानदार बचाव कर अपनी टीमको कई बार मुश्किलों से उबारा था।
मैच का दूसरा गोल भी इसके बाद तुरंत हुआ जब एमईजी बेंगलुरू के आक्रमण पर हड़बड़ी में ग्वालियर के स्टॉपर ने अपने गोलकीपर को पीछे पास देने के चक्कर में आत्मघाती रूप से बॉल पीछे पोस्ट में मार दी और फिर उसे क्लियर करने के लिए जो किक लगाई वो किक बैंगलुरू के 10 न. फारवर्ड शॉलू से टकरा कर गोल में चली गई और बैंगलुरू की टीम ने 2-0 से मैच जीत कर प्रतियोगिता के सेमीफायनल में प्रवेश किया।
आज का मैच आर्मी ग्रीन बेंगलुरू और सेल कोलकाता के बीच
दिलीप सिंह जूदेव स्मृति ऑल इंडिया गोल्ड कप फुटबॉल प्रतियोगिता के आयोजन समिति के जनरल सेक्रेटरी सरफराज आलम ने जानकारी देते हुए बताया कि आज शनिवार १३ फरवरी को आर्मी ग्रीन बेंगलुरू और सेल फुटबाल अकादमी कोलकाता की टीमों के बीच प्रतियोगिता का चौथा और आखरी क्वार्टरफाइनल मैच खेला जाएगा। दोनों टीमों के बीच यह मैच दोपहर 2.30 बजे से रणजीता स्टेडियम में खेला जाएगा।
खेल