रीमा के भजनों से सजेगा माता का दरबार
जशपुरनगर| इससाल माता के जगराता में महुआ चैनल सुर संग्राम की फस्ट विनर रीमा वर्मा के भजनों में भक्त झूमेंगे। नवरात्रि की पंचमी तिथि 29 सितंबर को माता का दरबार सजेगा। कार्यक्रम में रीमा वर्मा के साथ अन्य कलाकार भी यहां आएंगे। नवीन जागरण सेवा समिति इस बार छोटे पर्दे के नामी कलाकारों को जगराता के लिए आमंत्रित कर रही है। यह समिति बीते 8 सालों से शारदीय नवरात्र में माता का जगराता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित कर रही है। समिति के संस्थापक सुनील सिन्हा ने बताया कि शहर के मां काली मंदिर प्रांगण में माता का जगराता कार्यक्रम होगा। इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में महिलाओं के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था की जा रही है। साथ ही सुरक्षा के भी पर्याप्त इंतजाम रहेंगे। पुलिस के जवानों के अलावा समिति के सदस्य भी व्यवस्था बनाने में जुटे रहेंगे। समिति के अध्यक्ष हरिशंकर मिश्रा सहित समिति के सारे सदस्य कार्यक्रम की तैयारी में जुट गए हैं।
समिति के सदस्यों ने अधिक से अधिक भक्तों से माता के जगराता में शामिल होने की अपील की है।