- Hindi News
- ईब व्यपवर्तन सिचाईं योजना में जल की सप्लाई करेंगे अफसर
ईब व्यपवर्तन सिचाईं योजना में जल की सप्लाई करेंगे अफसर
अंचलकी सबसे बड़ी फसल सिंचाई योजना ईब व्यपवर्तन अंतर्गत आरबीसी नारायणपुर , एलबीसी बासनताला तथा ईब नहर विस्तार केरडीह के जल उपभोक्ता कृषकों की पानी सप्लाई की मात्रा में कटौती की गई है।
जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष उमेशचन्द्र महतो ने एक विज्ञप्ति जारी कर सूचना दी कि ईब नदी में हुई पानी की कमी के कारण ईब आरबीसी एवं एलबीसी के लिए एक साथ पानी दिया जाना संभव नहीं है। परिस्थितियों को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि 9 फरवरी सोमवार से सप्ताह में चार दिन सोमवार, मंगलवार, बुधवार, गुरुवार एवं एलबीसी में तथा तीन दिन शुक्रवार, शनिवार, एवं रविवार को आरबीसी में पूरा पानी दिया जाएगा।
जारी विज्ञप्ति के अनुसार वर्तमान समिति का कार्यकाल 10 फरवरी 2015 को समाप्त हो रहा है अतः पेट्रोलिंग व्यवस्था 10 फरवरी तक ही रहेगी। 11 फरवरी से जल संसाधन विभाग के द्वारा पानी प्रदाय व्यवस्था संचालित की जाएगी अतः किसानों को पानी एवं अन्य व्यवस्था के लिए सिंचाई विभाग कुनकुरी उपसंभाग एसडीओ से सीधे संपर्क करने के लिए कहा गया है।
इस विज्ञप्ति की प्रतिलिपि अनुविभागीय अधिकारी जल संसाधन कुनकुरी, कार्यपालन अभियन्ता जल संसाधन संभाग जशपुर एवं जिलाध्यक्ष जशपुर को प्रेषित की गई है। विभाग तक पानी सप्लाई की जिम्मेदारी संभालेगा जब तक नहीं जल उपभोक्ता समिति का गठन नहीं हो जाता।
^वर्तमान समिति का कार्यकाल 10 फरवरी तक था। 11 फरवरी से योजना का संचालन विभाग के द्वारा सीधे किया जायेगा इस हेतु सभी व्यवस्था पूर्ण कर ली गई है। चुनाव कार्यक्रम आने के बाद नई समिति के लिए चुनाव कराये जायेंगे। तब तक योजना का संचालन विभाग द्वारा किया जायेगा। एसके सिंह, एसडीओ, जल संसाधन उपसंभाग कुनकुरी