- Hindi News
- साढ़े 5 हजार एलपीजी उपभोक्ताओं को मिलने लगा सब्सिडी का लाभ
साढ़े 5 हजार एलपीजी उपभोक्ताओं को मिलने लगा सब्सिडी का लाभ
पूरेदेश सहित जशपुर जिले में भी एलपीजी उपभोक्ताओं को कैश ट्रांसफर स्कीम का लाभ मिलने लगा है। जशपुर के 5 हजार 582 उपभोक्ताओं को सब्सिडी का लाभ मिलने लगा है। यहां कुल 6 हजार 250 उपभोक्ता हैं, जिनमें से 268 उपभोक्तओं का कनेक्शन विच्छेद किया गया है।
जबकि 400 उपभोक्ताओं का अभी बैंक से लिंक नहीं हो पाया है। जिसकी प्रक्रिया चल रही है। एजेंसी संचालक ने इन उपभोक्ताओं से कहा है कि वे कैश ट्रांसफर स्कीम का लाभ लेने के लिए जल्द से जल्द लिंक करा लें। देश में 15 करोड़ सक्रिय ग्राहकों में से 10 करोड़ ग्राहकों ने योजना का लाभ लिया है। जिससे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी प्रसन्न हैं। प्रधानमंत्री का मानना है कि इस योजना से कालाबाजारी का अंत होगा और सब्सिडी का लाभ सीधे तौर पर ग्राहकों को मिलेगा। यह विश्व का सबसे बड़ा कैश ट्रांसफर स्कीम है। इस योजना की शुरूआत 15 नवंबर 2014 को देश के 54 जिलों में हुई थी और 1 जनवरी 2015 तक देश के सभी जिलों में यह योजना लागू कर दी गई। आंकड़ों के अनुसार 11.33 करोड़ लेन-देन में करीब 4299 करोड़ का हस्तांतरण 15 नवंबर 2014 तक कर दिया गया है। इस योजना की सफलता का श्रेय उस अभियान को दिया जाना चाहिए जो सूचना और विज्ञापनों के विभिन्न माध्यम से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से एलपीजी उपभोक्ताओं तक पहुंची है। इस योजना की सफलता के लिए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने विभिन्न तरह के माध्यमों का उपयोग किया। जिला स्तर पर प्रशासनिक अधिकारियों, एसएमएस और वेबसाइट का भी सहारा लिया गया। जिसका लाभ मिल रहा है। ग्राहकों के बीच पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इन माध्यमों का उपयोग सुनिश्चित किया गया। ज्ञात हो कि इस योजना का सफल रूप से लागू करने एवं निरीक्षण करने के लिए पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदारी दी गई है। इस योजना के माध्यम से लोगों को घरेलू गैस सिलेंडरों पर सब्सिडी का फायदा होगा और जो ग्राहक सब्सिडी का लाभ नहीं लेना चाहते, उनके लिए यह योजना प्रेरणा का माध्यम बनेगी।