6 वर्षों से नहीं हुआ मजदूरों का भुगतान
ग्राम पंचायत पेटा के ग्राम सोनपुर में नरेगा के अंतर्गत हुए कार्यों में मजदूरों को आज तक मजदूरी भुगतान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यहां के रोजगार सहायक के लापरवाही के कारण ग्रामीणों को अधिकारियों के दफ्तर का अपने ही मजदूरी भुगतान के लिए चक्कर लगाना पड़ रहा है। यहां के ग्रामीणों ने बताया कि यहां के ग्रामीण 2011 से लेकर अब तक हुए कार्यों का लाखों रुपए का मजदूरी भुगतान नहीं किया गया है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि रोजगार सहायक द्वारा काम किए गए मजदूरों के स्थान पर फर्जी मजदूरों का नाम देकर पोस्ट आफिस से रुपए निकाल लिए गए हैं। उनका कहना है कि गांव में परदेशिया का 28 हजार रुपए,बेनेदिक और बोलो का 30 हजार रुपए, बेचन, गोविंद और सुदु का 12 हजार रुपए एवं अन्य कुल 81 हजार रूपए का अाहरण कर हड़प लिया गया है। उनका कहना है कि जब वे रोजगार सहायक के पास अपना पैसा मांगने जाते हैं तो उनके द्वारा घुमाया जाता है। गांव में कुआं, डबरी, भूमि सुधार, बकरी शेड के लिए लाख 59 लाख रुपए का निर्माण कार्य किया गया था। इसके अलावा पूरे गांव में लगभग साढ़े 5 लाख का कार्य हुआ था, जिसमें आज भी सैकड़ों मजदूरों काे उनके मजदूरी भुगतान का राशि नहीं मिला है।
तत्काल कराएं भुगतान
जिला मुख्यालय के जनदर्शन कार्यक्रम में पंहुचे इस गांव के ग्रामीणों ने बताया कि राेजगार सहायक के भर्राशाही से बेहद परेशान हैं। पिछले वर्षों में किए गए कार्यों के भुगतान के लिए वे अधिकारियों के दफ्तर में चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें उनकी मजदूरी भुगतान हो जाने के संबंध में कहीं से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिल पाने से वे जिला मुख्यालय पंहुचे हुए हैं। उनका मांग है कि रोजगार सहायक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और उनके मेहनत का पैसा उन्हें तत्काल दिया जाए।