बागबहार | जशपुर जिले के छातासरई ग्रामपंचायत के आश्रित गांव घुईगोड़ा में दो महिलाओं की टांगी मारकर हत्या कर दी गई। इन महिलाओं को जिसने मारा, वो उन्हें टोनही समझता था। दोनों महिलाओं को आधे घंटे के अंदर मारा।
मारने के बाद आरोपी खुद टांगी लेकर थाने गया और आत्मसमर्पण कर दिया। इस बात का खुलासा नहीं हो सका, कि आखिर किस कारण आरोपी महिलाओं को टोनही मानता था।
घुईगोड़ा के दिलेश्वर यादव पिता गोवर्धन यादव (50) ने अपने ही समाज की ही चंद्राबाई पति रतन यादव (55) एवं टोभाबाई पति बेनुधर यादव (70) की हत्या कर दी। दिलेश्वर दोनों को टोनही मानता था। घटना गुरुवार की सुबह 8.30 बजे की है। चंद्राबाई अपने घर के सामने हैंडपंप से पानी भर रही थी। इसी दौरान आरोपी दिलेश्वर टांगी लेकर शेष|पेज6
वहां पहुंचा और सिर के पिछले हिस्से पर करारा प्रहार कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटनाके वक्त पर वृंदा बाई, दिलमति सहित कई महिलाएं वहां मौजूद थीं। कोई भी आरोपी को रोकने की हिम्मत नहीं कर पाया। इसके बाद आरोपी करीब 9 बजे मुनगीटिकरा पहुंचा। घटना स्थल से करीब 500 मीटर दूर टोभाबाई खेत में कुरथी उखाड़ रही थी। दिलेश्वर ने टांगी से सिर पर वार करके उसे भी मौत के घाट उतार दिया।
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी दिलेश्वर यादव रक्तरंजित टांगी को लेकर बागबहार थाना पहुंच गया। पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करते हुए अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने टांगी को जब्त कर दिलेश्वर को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
पहले दी थी समझाइश
मृतका के परिवार वालों का कहना है कि दिलेश्वर दोनों महिलाओं पर टोनही होने का शक करता था। पिछले साल भी इस पर विवाद हुआ था और इस पर गांव वालों और सरपंच ने बैठक भी ली थी। दिलेश्वर को समझाया गया था कि वह दोनों महिलाओं से दूर रहे।