तीन दिनों बाद प्रेमी करेंगे प्रेम का इजहार
जशपुरनगर | वेलेंटाइन-डे में अब केवल तीन दिन रह गए हैं। इस दिन के लिए शहर की दुकानों में तरह-तरह के गिफ्ट आइटम पहुंच चुके हैं। एक-दो दिनों में इनकी बिक्री शुरू हो जाएगी। वेलेंटाइन-डे को प्रेम के इजहार का दिन माना जाता है। इस दिन लोग अपने प्रिय को रेड रोज या उपहार देकर अपनी कोमल भावनाओं को व्यक्त करते हैं। जैसे-जैसे वेलेंटाइन-डे (14 फरवरी) नजदीक आ रहा है, लोगों में इसे लेकर उत्साह बढ़ रहा है। विशेषकर किशोरों व युवाओं में इसका उत्साह अधिक रहता है। पहले जहां वेलेंटाइन-डे का क्रेज महानगरों व बड़े शहरों में अधिक देखा जाता था। वहीं अब छोटे शहरों व कस्बों में भी लोग वेलेंटाइन-डे मनाने लगे हैं एवं ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को भी इस दिन का इंतजार रहता है। हालांकि अभी यहां रेस्टोरेंट या होटल संस्कृति पूरी तरह विकसित नहीं हुई है, पर लोग इस दिन अपने प्रिय को तरह-तरह के उपहार जरूर देते हैं। प्यार की इसी भावना को भुनाने के लिए बाजार ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी है। अब वेलेंटाइन-डे में महज 3 दिन शेष रह गए हैं। दुकानदारों ने कई प्रकार के गिफ्ट आइटम दुकानों में मंगा लिए हैं।
इन आयटमों में रेड रोज, फ्लावर बंच, स्टोन की मूर्तियां, सॉफ्ट टॉयज, पर्स, ब्रेसलेट आदि उपहार शामिल हैं। वेलेंटाइन-डे पर रेड रोज, स्टोन की कपल स्टेच्यू, सॉफ्ट टॉयज आदि की मांग अधिक रहती है। इसके अलावा पर्स, परफ्यूम व डियोड्रेंट भी गिफ्ट के लिए पसंद किए जाते हैं। दुकानदारों के मुताबिक अभी वेलेंटाइन-डे के लिए उपहारों की खरीदी ने जोर नहीं पकड़ा है। अधिकांश लोग उसी दिन या एक-दो दिन पहले उपहार खरीदने दुकानों में पहुंचते हैं।