डंडे से वार कर व्यवसायी से लूट
जशपुर/कोतबा| तीनअज्ञात लोगों ने एक व्यवसायी को डंडा मार कर 15 हजार रुपए लूट की घटना को अंजाम दिया है। कोतबा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
घटना कोतबा चौकी क्षेत्र के रेचुंवाघाट की है। शनिवार को कोतबा निवासी मोतीलाल अग्रवाल अपने कर्मचारी पूरन यादव के साथ बाइक में उधार वसूल करने लैलूंगा गया हुआ था। शाम 7.30 बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। बाइक पूरन यादव चला रहा था और मोतीलाल पीछे बैठे हुआ था। रेचुंवा घाट के पास दोनों जैसे ही पंहुचे वैसे ही तीन अज्ञात युवक जो नकाब में थे उन्होंने पीछे से मोतीलाल के सिर पर डंडा से वार कर दिया। जिससे दोनों बाइक से नीचे गिर गए। जिसके बाद तीनों अज्ञात युवकों ने बाइक की चाबी छिन कर डिक्की में रखे 15 हजार रुपए नगद एवं बैंक का पासबुक लेकर फरार हो गए।
पुलिस ने मोतीलाल की रिपोर्ट पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ धारा 394,34 का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।