पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • महिला बाल विकास की सूमो ने 3 छात्राओं को मारी ठोकर

महिला बाल विकास की सूमो ने 3 छात्राओं को मारी ठोकर

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
शुक्रवार की सुबह कॉलेज जा रही तीन छात्राओं को अनियंत्रित सूमो ने ठोकर मार दी, जिससे तीनों छात्राएं घायल हो गईं। घायल छात्राओं को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जिसमें से गंभीर रूप से एक छात्रा को कुनकुरी अस्पताल के लिए जाया गया। घटना के करीब एक घंटे के बाद घटना स्थल पर फंसे वाहन को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया। वाहन महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी का था।

मिली जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11.45 बजे शहर के दरबारी टोली स्थित समिधा छात्रावास की तीन छात्राएं सुरजति (23), महिमा तिर्की (20) एवं आशा सोरेन (20) कन्या महाविद्यालय जाने के लिए पैदल निकली थीं। रास्ते में संगम चौके के आगे पीएमजीएसवाई कार्यालय के सामने महिला बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी के वाहन क्र. सीजी 02-4379 के चालक जयधन ने उन्हें पीछे से जबरदस्त ठोकर मार दी। उस वक्त वाहन में अधिकारी नहीं थे। वाहन तीनाें छात्राओं को ठोकर मारते हुए सड़क के किनारे नाली में फंस गई। घटना के बाद वाहन चालक तत्काल मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल छात्राओं को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। इधर, घटना की खबर लगते ही जिला अस्पताल में लोगों की भीड़ जुटने लगी। सिविल सर्जन डॉ. एनसी नंदे भी तत्काल अस्पताल के आकस्मिक कक्ष में पहुंच गए। ड्यूटी में तैनात डॉक्टर जीजे लकड़ा, आर्थो सर्जन डॉ. अनुरंजन टोप्पो, सर्जन डॉ. उषा लकड़ा ने घायलों का उपचार शुरू किया। घायल छात्राओं में सुरजति को छाती एवं पेट में अंदरूनी हिस्से में गंभीर चोट थी। जिसे चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। वहीं दो अन्य घायल छात्राओं का उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है। दोनों की हालत खतरे से बाहर है। जब घायल छात्राओं को अस्पताल लाया गया था। उसी वक्त कुछ असामाजिक तत्वों ने घटना स्थल पर खड़ी सूमो में आग लगा दी। देखते-देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। जिसकी सूचना पाकर नगर पालिका अध्यक्ष हीरू राम निकुंज, एसडीएम सुनील नायक, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी टीके जाटवर, महिला बाल विकास अधिकारी नेहा राठिया सहित पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। इस वक्त वहां लोगों की काफी भीड़ लग गई थी। पुलिस ने मामले में आरोपी चालक के खिलाफ एवं आगजनी करने वाले अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

दुर्घटना के बाद घटना स्थल पर फंसे वाहन को असमाजिक तत्वों ने लगाया आग

खबरें और भी हैं...