चेंबर ऑफ कॉमर्स की जिला इकाई हुई भंग
भास्कर संवाददाता | मनेंद्रगढ़
छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स अनुशासन समिति के अध्यक्ष हरचरण सिंह साहनी ने बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए चेंबर की कोरिया जिला इकाई व समितियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया है ।
साथ ही कोरिया जिला उपाध्यक्ष रफीक मेमन, मंत्री संजय सिंदवानी, जिलाध्यक्ष कोरिया जिला इकाई राकेश अग्रवाल व संयोजक विधि-विधायी कोरिया जिला हनुमानमल सुराना को पद से मुक्त कर दिया है।
चेंबर की अनुशासन समिति के समक्ष कोरिया जिले के पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली के संबंध में अनेक शिकायतें मिल रही थीं। चेंबर के पदाधिकारियों के बीच आपसी मतभेद व पुलिस में चेंबर की छवि धूमिल हो रही थी जिस पर पदाधिकारियों को 13 अक्टूबर 2015 को चेंबर प्रदेश मुख्यालय में बुलाकर आपसी समन्वय बनाने व चेंबर की छवि सुधारने के निर्देश देकर इसके क्रियान्वयन के लिए 15 दिवस का समय दिया गया था। इसे नहीं माने जाने पर अनुशासन समिति ने कोरिया जिला इकाई भंग कर दी।
थाने तक पहुंच गई थी चेंबर की लड़ाई
मनेंद्रगढ़ में चेंबर ऑफ कॉमर्स की दो इकाई संचालित थीं जिसमें एक इकाई में स्थानीय व्यापारी एवं पदाधिकारी रहे जबकि दूसरी इकाई में प्रदेश द्वारा मनोनीत पदाधिकारी रहे। कुछ समय पूर्व व्यापारी गुरुबख्श सिंह छाबड़ा द्वारा मनोनीत पदाधिकारी संजय सिंदवानी पर कई आरोप लगाते हुए पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी।
चेंबर की छवि खराब हो बर्दाश्त नहीं करेंगे
किसी कारण से चेंबर की छवि खराब हो यह कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कोरिया जिले में चेंबर के दो गुट बने हुए थे। आपसी खींचतान में उनके द्वारा पुलिस एवं कलेक्टर कार्यालय में चेंबर के नाम का उपयोग किया जा रहा था जिससे चेंबर की छवि धूमिल हो रही थी। इस पर नोटिस देकर समय दिया गया था कि तालमेल बिठाकर कार्य करें ताकि चेंबर की छवि खराब न हो, पर कोई हल नहीं निकलने पर हमें यह कदम उठाना पड़ा। -हरचरण सिंह साहनी, अध्यक्ष अनुशासन समिति छग चेंबर ऑफ कॉमर्स