नाबालिग के सौदागर पकड़ाए
भास्कर संवाददाता | बैकुंठपुर
नाबालिग का सौदा करने वालों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की व युवक राजकुमार को इंचौली मेरठ से पकड़ा और उन्हें लेकर जनकपुर थाने लेकर पहुंचे।
घटना में संलिप्त आरोपी मनीष व राजकुमार के विरूद्ध थाना जनकपुर में विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया गया है। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बीते 15 जनवरी को नाबालिग को उसके पिता उसके नानी के घर छोड़ आए थे। 25 जनवरी को उसकी नानी उसे लेकर जनकपुर आई। जनकपुर पहुंचने के बाद नाबालिग ने कहा कि वह छात्रावास से आ रही है इसके बाद वह चली गई और नानी से कहा कि तुम भगवानपुर चले जाओ मैं वहां आ जाऊंगी।
जब छात्रा घर नहीं पहुंची तब उसके पिता छात्रावास में पता करने गए। जब वहां भी कुछ पता नही चला तो उन्होंने जनकपुर थाना जाकर अपनी नाबालिग पुत्री के गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। परिजनों द्वारा दी गई जानकारी के बाद पुलिस ने राजकुमार नामक एक युवक का मोबाइल लोकेशन लिया तो पता चला कि मोबाइल लोकेशन मेरठ उत्तरप्रदेश का बता रहा है। इस सूचना पर जनकपुर पुलिस ने एक विशेष टीम बनाई।
इस टीम में एसआई मानिकपुरी, एएसआई राजेन्द्र, आरक्षक रघुनंदन सिंह व अन्य पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। मोबाइल लोकेशन व कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस थाना सरधाना जिला मेरठ उत्तरप्रदेश पहुंची। पता नहीं चलने पर पुन: सायबर ऑपरेटर कोरिया से संपर्क कर कैफ रिपोर्ट मंगाई गई तो पता चला कि संदेही राजकुमार उर्फ ननका पिता बेन बहादुर सिंह 19 वर्ष जो भगवानपुर का रहने वाला है यह थाना इंचौली जिला मेरठ में हो सकता है। पुलिस टीम इंचौली थाना गई। पुलिस टीम को जानकारी मिली कि राजकुमार का दोस्त मनीष जो भगवानपुर में रहता है उसने अपने पूर्व मालिक के पास काम दिलाने के बहाने ले गया है और अपने पूर्व मालिक से 4 हजार रुपए कमीशन लेकर राजकुमार व नाबालिग को उसे सौंप दिया है।