अधिकारी पर यौन उत्पीड़न का संदेह
सोल |दक्षिण कोरियाकी पुलिस ने कहा है कि वह ईरान के एशियाई खेलों के अधिकारी की जांच कर रही है जिस पर मेजबान शहर इंचियोन के फुटबॉल स्टेडियम के समीप महिला स्वयंसेवक का यौन उत्पीड़न करने का संदेह है। पुलिस इंस्पेक्टर पार्क मिन जू ने कहा कि इस व्यक्ति पर देश छोड़ने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है और उसने स्वीकार किया है कि एशियाई खेलों के फुटबॉल आयोजन स्थलों में से एक अनसान वा स्टेडियम में युवती के साथ फोटो खिंचवाने के दौरान उसने उसे छुआ था लेकिन उसने साथ ही कहा कि उसे नहीं पता था कि उसकी यह हरकत गैरकानूनी है। पार्क ने कहा कि इस व्यक्ति को हिरासत में नहीं लिया गया है।
लेकिन उसकी जांच की जा रही है और आगे भी उससे पूछताछ की जाएगी जिसके बाद पुलिस फैसला करेगी कि इस मामले को अभियोजन के पास भेजना है या नहीं। इंचियोन एशियाई खेलों की आयोजन समिति के ब्रूस ली ने कहा कि यह 38 वर्षीय व्यक्ति ईरान की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का ‘इक्विपमेंट मैनेजर’ है। युवती कॉलेज की छात्रा है और उसने सोमवार को पुलिस से इस मामले की शिकायत की थी।