- Hindi News
- दिल्ली की जीत पर आप पार्टी ने मनाया जश्न
दिल्ली की जीत पर आप पार्टी ने मनाया जश्न
दिल्लीके सम्पन्न हुए रोमांचक चुनाव में आप पार्टी को मिली अप्रत्याशित जीत से कुनकुरी में आप पार्टी के सरगुजा जोन के संयोजक विष्णु कुलदीप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। सुबह से ही लोग टीवी से चिपककर चुनावी परिणाम की जानकारी ले रहे थे। शुरूआती रुझान से ही आप पार्टी भाजपा से जीत का अंतर बढ़ाती जा रही थी।
ग्यारह बजे तक रुझानों से स्पष्ट हो गया था कि दिल्ली ने आम आदमी पार्टी को स्पष्ट जनादेश दे दिया है। जैसे ही आप को 66 और भाजपा को मात्र 4 की खबरें चलने लगी तो आप पार्टी के कार्यकर्ता बस स्टेशन में जमा होने लगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के केजरीवाल को जीत की बधाई देने की खबर आई तो कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी करते हुए लोगों का मुंह मीठा कराया। जोन संयोजक ने खुशी जताते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक जीत से हमारा मनोबल बढ़ा है। अभी तक जिले में पांच हजार लोगों ने पार्टी की सदस्यता ली है। अब फिर से पार्टी का सदस्यता अभियान शुरू होगा। आप नेता विष्णु कुलदीप ने हाल में सम्पन्न पंचायत चुनाव में तपकरा क्षेत्र से भाजपा, कांग्रेस के डीडीसी प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी थी।
हालाँकि वे डॉ अजय शर्मा से लगभग 2800 वोट से पिछड़ गये। बस स्टैण्ड में आप पार्टी के उप संयोजक शमीम अहमद, बैजू वर्मा, सोनसाय, तकवीम, छवि यादव, देवेन्द्र शर्मा, हुस्ना बानो, शमी सुल्ताना, मिथुन कंसारी, जुबेर आदि भी उपस्थित रहे।
आप के कार्यकर्ता जश्न मनाते हुए।