- Hindi News
- नगर में घुसे हाथी ने घरों की बाउंड्रीवाल तोड़ी
नगर में घुसे हाथी ने घरों की बाउंड्रीवाल तोड़ी
कुनकुरी|बीती रातमें करीब 1-2 बजे के बीच नगर के बेहराटोली, सुखबासुपारा, एवं ब्लॉक कालोनी क्षेत्र में दल से बिछड़ा एक दंतेल घुस आया। यहां रात करीब 10 बजे से ट्रांसफार्मर में आई खराबी के कारण इस क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति बंद थी। साथ ही इन क्षेत्रों में बन रहे अवैध देशी शराब की गंध से आकर्षित होकर इस हाथी ने नगरीय सीमा में प्रवेश किया।
जंगल से निकलकर हाथी ने बेहराटोली मार्ग से सुख बासु बस्ती में प्रवेश किया और हनुमान मंदिर चौक, सुमति के घर की गली में दो घरो की बाउंड्री को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद नीचे बस्ती का रुख किया। वहां पर मुरारी कंसारी के घर की दीवार को गिरा दिया। वहां से महिला बाल विकास कार्यालय, एडीजे बंगला मार्ग होते हुए लखन राम की बाड़ी में घुसने के बाद सज्जाउद्दीन खान के दीवार को तोड़ दिया। इसके बाद हाथी सुदर्शन की बाड़ी में जा घुसा। वहां से आगे जा पाने के कारण लौटकर झरंगु राम की बाड़ी में लगे मक्के की फसल को खाने के साथ साथ रौंदकर बरबाद किया। जिसके बाद जंगली हाथी डीएवी स्कूल के बगल से मांझीटोली होते हुए विष्णु राम के खेत में लगे फसल को खाते हुए जंगल की ओर लौट गया। नगरीय क्षेत्र में जंगली हाथी के घुस आने से नगर की बाहरी बस्तियों के निवासियों में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता व्याप्त है। इन बस्तियों के निवासी मुरारी कंसारी, सुनील श्रीवास्तव, सावन विश्वकर्मा, दिलीप लकड़ा, लक्ष्मी देवी, आनंद पाल अन्य लोगों ने बताया कि बस्ती में घुस आया जंगली दंतेल हाथी अकेला और विशालकाय था।
कुछ क्षेत्रों में बिजली की रोशनी होने के कारण हाथी ने उस क्षेत्र का रुख नहीं किया, अन्यथा बस्ती में और भी जन-धन की हानि होने की आशंका थी। बिजली आपूर्ति की दयनीय व्यवस्था के कारण हाथी अंधेरे में डूबे रहवासी क्षेत्र का रुख कर रहे है। हाथी समस्या के प्रति वन विभाग की उदासीनता एवं ऐसे मौके पर वन अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा किसी प्रकार का सहयोग एवं सुरक्षा नहीं मिलने के कारण भी लोगों में गुस्सा दिखाई पड़ा। हाथियों के साथ रहने की आदत डालने के वन विभाग के संदेश को लेकर भी ग्रामवासी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे।