पत्थलगांव। शहर में अंबिकापुर रोड के नागरिकों ने नियमित रूप से पीने का पानी नहीं मिलने की परेशानी को लेकर सोमवार की सुबह कटनी-गुमला मुख्य सड़क पर चक्का जाम कर दिया। लोगों ने 2 घंटे तक नगर पंचायत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन करने वालों को नगर पंचायत अध्यक्ष ने समझाने का खूब प्रयास किया, पर लोगों ने उन्हीं पर निष्क्रियता का आरोप लगा कर उन्हें वापस जाने को कह दिया।
इस दौरान मुख्य सड़क पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी। नगर पंचायत द्वारा संचालित किलकिला जल प्रदाय योजना से पिछले कई दिनों से बूंद-बूंद पानी मिलने के बाद नल बंद हो जाने की बात से शहर के लोग खासे परेशान हो गए थे। इस संबंध में नगर पंचायत के जल प्रभारी को कई बार शिकायत करने पर भी इस अव्यवस्था में सुधार नहीं किया जा रहा था। सोमवार की सुबह 7 बजे नलों से पीने का पानी नहीं मिल पाया। जिससे वार्ड क्रमांक 3 और 4 में लोग काफी आक्रोशित हो गए। लोगों ने नगर पंचायत के जल प्रभारी और सीएमओ को जब शिकायत करने के लिए फोन लगाया, तो किसी ने भी फोन रिसीव नहीं किया। आखिर में यहां के लोगों ने अचानक अपने पानी के बर्तनों को लाकर मुख्य सड़क पर रख दिया। लोग मुख्य सड़क पर एकत्रित होकर नगर पंचायत के विरोध में जमकर नारेबाजी करने लगे। नागरिकों का कहना था कि अंबिकापुर रोड में घनी आबादी के बाद भी यहां नल-जल की समस्या का निराकरण नहीं किया जा रहा है। यहां के लोगों ने दो माह पहले भी नगर पंचायत के झूठे आश्वासन से परेशान होकर कटनी-गुमला सड़क पर चक्का जाम करके विरोध प्रदर्शन किया था। मौजूदा सीएमओ ने यहां पर सप्ताह भर में पानी की समस्या दूर करने का आश्वासन दिया था। पर नल-जल की अव्यवस्था जस की तस बनी रही।
अंबिकापुर रोड के नागरिक विनोद बोखा, सजन अग्रवाल, मांगे अग्रवाल, गोपाल रोहिला का कहना था कि इस क्षेत्र में पीने का पानी की समस्या को लेकर अनेक बार नगर पंचायत के कर्मचारियों को लिखित शिकायत की जा चुकी है। इसके बाद भी पीने का पानी की समस्या समाधान नहीं किया जा रहा है। इन दिनों तो नलों से बूंद-बूंद पानी मिलने से यहां पर पानी की समस्या विकराल रूप धारण कर चुकी है। नागरिकों का आरोप था कि नगर पंचायत के अध्यक्ष का निवास होने के बाद भी जल आपूर्ति की अव्यवस्था को दूर नहीं किया जा रहा है।