- Hindi News
- स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करना कर्मचारियों को पड़ सकती है भारी
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही करना कर्मचारियों को पड़ सकती है भारी
9 में से पांच शिकायतें पत्थलगांव क्षेत्र की।
भास्करन्यूज | पत्थलगांव
सरकारीअस्पतालों में मरीजो के साथ दुर्व्यवहार या गांव में कार्यरत मितानीन की सेवाओं में कमी अथवा पोस्टमार्टम के दौरान स्वास्थ्य अधिकारी की सेवाओं में कमी पाए जाने की शिकायतों पर अब आरोपी कर्मचारी के विरूद्ध तत्काल कार्रवाई हो सकती है।
स्वास्थ्य विभाग की अस्त-व्यस्त सेवा से त्वरित राहत प्रदान करने के लिए शुरू किया गया टोल फ्री नंबर 104 आरोग्य सेवा अब लोगों को खूब रास रहा है। जिले में 104 आरोग्य सेवा में अब तक कुल 9 शिकायतों में 5 शिकायतें पत्थलगांव क्षेत्र के ग्रामीणों ने दर्ज कराई है। इतना ही नहीं बल्कि 2 मामलों में स्वास्थ्य कर्मियों पर शिकायत सही मिलने से उन पर कार्रवाई की गाज भी गिर चुकी है। ग्राम चंदागढ़ के युवा सरपंच रोशन साय पैंकरा का कहना है कि 104 आरोग्य सेवा में शिकायतों का दौर शुरू होने के बाद स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट आई है। उन्होंने बताया कि 104 आरोग्य सेवा शुरू होने के बाद गांव, कस्बा में स्वास्थ्य सेवाओं में कमी के मामले अब सीधे स्वास्थ्य मंत्रालय के पास दर्ज होने लगे हैं।
24 घंटे सेवा देने वाला टोल फ्री नंबर गांव के लोगों को खूब रास रहा है। ग्राम तमता के नंदकिशाेर अग्रवाल का कहना है कि स्वास्थ्य सेवाओं में कसावट के लिए शुरू किया गया यह टोल फ्री नंबर अवकाश के दिन भी चालू रहता है।
सिविल अस्पताल पत्थलगांव।
सरकारी अस्पतालों में अच्छी सेवा के लिए इस टोल फ्री नंबर के बारे में भले ही शहरी लोगों को विस्तृत जानकारी नहीं है, पर गांव के लोग इस सेवा का जगह-जगह भरपूर लाभ उठाने लगे हैं। ग्राम पंचायत पाकरगांव के गणेशचंद्र बेहरा ने बताया कि इस टोल फ्री नंबर में स्वास्थ्य सेवाओं के मामले में अपनी परेशानी बताने पर पूरी बात लिखी जाती है। कुछ मामलों में चिकित्सक अथवा अन्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया जा रहा है। इस सेवा में दुर्घटना होने पर संजीवनी वाहन विलंब से पहुंचने पर भी शिकायत सुनी जाती है। साथ ही पुनः गलती दोहराने का अवसर नहीं मिलने की बात से ग्रामीण काफी खुश भी हैं। इस सेवा में पोस्ट मार्टम में विलंब की बात तो कतई बर्दाश्त नहीं की जाती है। गांव में मितानीन की सेवा में कमी अथवा मितानिन द्वारा दी जाने वाली दवा के सेवन से स्वास्थ्य बिगड़ने के मामलों में त्वरित जवाब-तलब किया जा रहा है।
बेहतर स्वास्थ्य सेवा का लाभ
मुख्यचिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ.बीबी बोर्डे ने बताया कि सभी ब्लॅाक मेडिकल अधिकारियों को 104 आरोग्य सेवा के संबंध में कड़ी हिदायत दे दी गई है। इस बात से जिले के सभी स्वास्थ्य कर्मियों को भी सतर्क कर दिया गया है। उन्हँने कहा कि 104 आरोग्य सेवा की शिकायत का सीधा संबंध स्वास्थ्य मंत्रालय से होने के कारण वे इस शिकायत को समय सीमा के भीतर निपटा ले रहे हैं। श्री बोर्डे का कहना है कि 104 आरोग्य सेवा लोगों को खूब रास आने लगी है। गांव के लोग इस सेवा से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श लेकर लाभ उठाने लगे हैं। उन्होंने बताया कि 104 आरोग्य सेवा से कैंसर, एड्स, मधुमेह, ब्लड प्रेशर जैसी बीमारियों से बचाव के भी उपाय पूछे जा सकते हैं। अगर चिकित्सालय में बीपीएल कार्डधारी को संतोषजनक सेवा नहीं मिल पाती है, तो इस सेवा से बेहतर लाभ उठाया जा सकता है।