अब से रंगमंच मैदान में होंगे धरना प्रदर्शन
सूरजपुर | कलेक्टर जीआर चुरेंद्र ने बताया कि विभिन्न दलों, संगठनों, संघों तथा जन सामान्य द्वारा किए जाने वाले शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन, हड़ताल, अनशन, सभा आदि के लिए जिला मुख्यालय सूरजपुर में कोई स्थान निर्धारित नहीं किया गया है।
धरना प्रदर्शन जैसे प्रदर्शन बस स्टैंड, तहसील कार्यालय के सामने किए जाते हैं, इससे आवागमन अवरुद्व होता है और आम जनता को परेशानी होती है। साथ ही यातायात व्यवस्था आदि बनाए जाने में कठिनाई होती है। ऐसे में उपरोक्त सभी तथ्यों पर विचार करते हुए नगर के मानपुर रोड स्थित रंगमंच मैदान को इन प्रयोजनों के लिए चयन किया गया है। कलेक्टर ने बताया कि रंगमंच पर किसी प्रकार के आयोजन करने के पूर्व आयोजन की तिथि कम से कम तीन दिवस पूर्व प्राधिकृत अधिकारी को आयोजन के स्वरूप, अवधि, सम्मिलित होने वाले लोगों की संख्या, आयोजक के नाम व पता सहित ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग आदि के संबंध में पूर्ण विवरण के साथ लिखित सूचना दी जाएगी। प्राधिकृत अधिकारी द्वारा नगर की कानून एवं व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए ऐसे सूचना पत्रों पर विवेकानुसार निर्णय लिया जाएगा।