जिले के 61 केंद्रों में 21 हजार से अधिक छात्र देंगे परीक्षा
छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा रायपुर द्वारा होने वाली 10वीं व 12वीं परीक्षाएं 61 केंद्रों में होगी। इन केंद्रों में 21 हजार 488 छात्र-छात्राएं परीक्षा देंगे। परीक्षा इस महीने की 23 फरवरी से शुरू हो रही है, जो 14 मार्च तक चलेगी।
डीईओ आनंद प्रकाश एक्का ने बताया कि 12वीं की परीक्षाएं 23 फरवरी एवं कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 24 फरवरी से शुरू होगी। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक चलेंगी। 10वीं में 14 हजार 41 परीक्षार्थी तथा 12वीं की परीक्षा में 7 हजार 447 परीक्षार्थी शामिल होंगे। डीईओ ने बताया कि जिले में बोर्ड परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए उडनदस्ता दलों का गठन कर दिया है। इसमें डीईओ, सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं सहायक संचालक और कलेक्टर द्वारा एक दल गठित किया गया है। साथ ही सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं विकास खंड शिक्षा अधिकारी को परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करने के लिए निर्देशित किया गया है। परीक्षा के दौरान प्रत्येक परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा व्यवस्था के लिए निकटतम थाने को निर्देशित किया गया है। परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की आकस्मिक स्वास्थ्य खराब होने पर उन्हें तत्काल चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सक भी मौजूद रहेगें।
ध्वनि विस्तारक यंत्र प्रतिबंधित
डीईओ ने बताया कि कलेक्टर द्वारा 22 फरवरी से 14 मार्च तक जिले में ध्वनि वितरक यंत्रों व जुलूस पर पूर्णतः प्रतिबंध लगा दिया गया है। डीईओ ने सभी परीक्षा केंद्रों के प्रचार्यों को अपने केंद्रों में पेयजल, टायलेट, बिजली एवं फर्नीचर की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देशित किया गया है। साथ ही केंद्रों का निरीक्षण करने कहा है।
नकल रोकने केंद्रों में लगाए जाएंगे सीसीटीवी कैमरे
बलरामपुर| माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा होने वाली हाईस्कूल एवं हायर सेकेंडरी कक्षाओं की बोर्ड परीक्षा के सफल आयोजन के लिए कलेक्टर द्वारा उड़नदस्ता दल, पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था, मेडिकल टीम गठित करने आदि के संबंध में दिशा-निर्देश दिए गए हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के 48 परीक्षा केंद्रों में होने वाली परीक्षा में आंतरिक एवं बाह्य नकल को रोकने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने एवं परीक्षा केंद्रों में प्रश्न पत्र पहुंचाने के समय पर्याप्त बल एवं पुलिस सुरक्षा, परीक्षा केंद्राें में नकल रोकथाम के आकस्मिक जांच करने उड़नदस्ता दल, परीक्षा केंद्रों में मेडिकल टीम के आलावा अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए ड्यूटी लगाई गई है। कलेक्टर अलेक्स पाल मेनन ने डीईओ एवं सहायक आयुक्त को परीक्षा केंद्रों में छात्रों की संख्या के आधार पर बैठक व्यवस्था, विद्युत, पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के दिशा-निर्देश दिए हैं। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले से 10 वीं-12 वीं बोर्ड परीक्षा में 18 हजार 525 परीक्षार्थी 48 केंद्रों में परीक्षा देगें। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी बलरामपुर-रामानुजगंज अलेक्स पाल मेनन ने जिले में माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर से संचालित हायर सेकेंडरी एवं हाईस्कूल परीक्षा को देखते हुए कोलाहल नियत्रण नियम लागू किया है। कलेक्टर ने कोलाहल नियंत्रण अधिनियम का प्रयोग करते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्र लाउडस्पीकर पर पूर्णतः प्रतिबंधित लगाया है।