60 किलो प्लास्टिक कैरीबैग जब्त
नगर निगम के अमले ने देवीगंज और स्कूल रोड में दुकानों में की जांच
कार्रवाई
अंबिकापुर. प्लास्टिकके कैरीबैग पर प्रतिबंध के बाद भी दुकानों में इसका खुलेआम उपयोग हो रहा है। शनिवार को नगर निगम की जांच में दुकानों से 60 किलो से अधिक प्लास्टिक कैरीबैग जब्त किए गए। दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि दोबारा कैरीबैग मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डिप्टी कलेक्टर सुमीत अग्रवाल के नेतृत्व में निगम को जांच के लिए लगाया गया था। देवीगंज रोड से स्कूल रोड तक दुकानों की जांच की गई। कर्मचारी जिस दुकान में घुसे वहां प्लास्टिक के कैरीबैग मिले। घंटों चली जांच के बाद कैरीबैग जब्त कर लिए गए हैं। अधिकारी मान रहे हैं कि सख्ती के बाद भी प्लास्टिक से बने कैरीबैग का बाजार में उपयोग बंद नहीं हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के रोक लगा दी गई है। लोगों की आदत बनी हुई है। सामान लेने के लिए कोई थैला लेकर नहीं आना चाहता। इसे बदलने में समय लगेगा। इस कार्रवाई में नगर निगम के सफाई विभाग के प्रभारी अवधेश पांडेय कर्मचारी शामिल थे।
दुकान से प्लास्टिक कैरीबैग जब्त करते निगम कर्मचारी।