- Hindi News
- दोनों ओर से लालच, निर्दलीय नहीं खोल रहे पत्ते
दोनों ओर से लालच, निर्दलीय नहीं खोल रहे पत्ते
दो निर्दलीय सदस्यों के पास सत्ता की चाबी
अंबिकापुर|यहांके जिला पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष को लेकर जबरदस्त जोर आजमाइश चल रही है। भाजपा, कांग्रेस दोनों के सदस्यों की संख्या बराबर है। दो निर्दलीय सदस्य हैं जिनकी अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव में मुख्य भूमिका होगी। दोनों दलों का सारा जोर निर्दलीय सदस्यों को साधने पर है। चर्चा है कि अध्यक्ष के लिए दोनों ओर से ऑफर है लेकिन अब तक निर्दलीय सदस्यों ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं। इससे अब तक यह साफ नहीं हो पाया है कि अध्यक्ष, उपाध्यक्ष किसके बनेंगे।
सरगुजा के बंटवारे के बाद जिला पंचायत में सदस्यों की संख्या 14 हो गई है। बंटवारे के बाद पहले ही चुनाव का ही परिणाम ऐसा आया है कि दोनों दलों के पास अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए बहुमत नहीं है। अध्यक्ष के लिए 8 सदस्य का समर्थन चाहिए लेकिन दोनों दलों के समर्थित सदस्यों की संख्या छह-छह ही है। दरिमा क्षेत्र से लगातर तीसरी बार निर्वाचित फूलेश्वरी सिंह और मैनपाट से पहली बार निर्वाचित बिमला सिंह पैकरा निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीत कर आई हैं। दोनों दल इन्हें अपने पक्ष में करने में लगे हुए हैं। भाजपा अपने समर्थित सदस्याें को बाहर भेज चुकी है जबकि कांग्रेस समर्थित सदस्य जिले में ही हैं। दोनों निर्दलीय सदस्यों को लेकर रोज नई बात सामने रही है। दोनों सदस्यों को भाजपा समर्थित सदस्यों के साथ आज दिल्ली भेजे जाने की चर्चा होती रही। इधर कांग्रेस का अब भी दावा है कि जिला पंचायत में अध्यक्ष उपाध्यक्ष उसके बनेंगे। अध्यक्ष के लिए खुला ऑफर है। बाहर से जो भी आएगा उसे समर्थन दिया जाएगा। उपाध्यक्ष के लिए राकेश गुप्ता की दावेदारी प्रबल बताई जा रही है। भाजपा से कल तक प्रभात खलखो का नाम अध्यक्ष के लिए सामने रहा था लेकिन फुलेश्वरी के रुख को देखते दावेदारी कमजोर पड़ रही है। जिला पंचायत में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के लिए 16 फरवरी को चुनाव होना है।
राजनीति