- Hindi News
- राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में सरगुजा के 9 खिलाड़ी शामिल
राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में सरगुजा के 9 खिलाड़ी शामिल
60वींराष्ट्रीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता के लिए सरगुजा के 9 तैराकों का चयन किया गया है। इसमें से एक बालक आठ बालिकाएं शामिल हैं। राष्ट्रीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता का आयोजन राजकोट गुजरात में 17 फरवरी से 22 फरवरी तक किया जा रहा है। इसके पूर्व भी राष्ट्रीय वाटर पोलो प्रतियोगिता के लिए छत्तीसगढ़ टीम में सरगुजा के सात खिलाड़ी शामिल किए गए हैं।
राज्य स्तरीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सरगुजा जोन से प्रथम स्थान पर रहे खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। इसमें मोंटफोर्ट स्कूल के 19 वर्षीय छात्र प्रसुन दुबे, कार्मेल स्कूल की 19 वर्षीया छात्रा शिक्षा दुबे, कस्तूरबा गांधी विद्यालय की 19 वर्षीया नीलमणि तिग्गा, निलिमा तिर्की सुरमिला बेक, 17 वर्षीय प्रीति पैकरा, कस्तूरबा विद्यालय सीतापुर की 17 वर्षीया छात्रा सुमन खाखा, कस्तूरबा विद्यालय अंबिकापुर की 17 वर्षीय रानी पन्ना तथा कस्तूरबा विद्यालय से ही 14 वर्षीया छात्रा दीपशिखा एक्का शामिल हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी तैराक तरणताल में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। इन सभी नौ तैराकों ने सितंबर 2014 में आयोजित राज्य स्तरीय शालेय तैराकी प्रतियोगिता में कुल 19 स्वर्ण पदक, 4 रजत पदक एवं 4 कांस्य पदक हासिल किया था। इसके साथ ही बालिकाओं ने 17 वर्ष एवं 19 वर्ष आयु वर्ग में मिडले डिले तथा फ्री स्टहिल रिले में भी स्वर्ण पदक जीता है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के लिए अंबिकापुर तरणताल में 12 फरवरी से राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है। शिविर में तैराकी एवं वाटर पोलो के कुल 44 खिलाड़ी तथा सात कोच मैनेजर भाग लेंगे। इसके बाद प्रदेश की 54 सदस्यीय टीम 14 फरवरी को राजकोट के लिए रवाना होगी। सरगुजा जोन तैराकी एवं वोटर पोलो टीम के कोच शरद दुबे एवं एनआईएस प्रशिक्षित सिद्धार्थ सिंह हैं।
14 फरवरी को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने ये 9 खिलाड़ी होंगे रवाना