- Hindi News
- लटोरी ने जीता संभागीय वॉलीबाल टूर्नामेंट
लटोरी ने जीता संभागीय वॉलीबाल टूर्नामेंट
सरगुजावॉलीबाल संघ के तत्वावधान में गांधी स्टेडियम में खेली जा रही संभागस्तरीय प्रतियोगिता का फाइनल मंगलवार को खेला गया। फाइनल मुकाबले में लटोरी की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए सरगुजा पुलिस को सीधे सेटों में पराजित कर विजेता का खिताब हासिल किया।
तीन दिवसीय प्रतियोगिता का फाइनल एवं समापन समारोह गांधी स्टेडियम के वॉलीबाल ग्राउंड में शाम चार बजे से आयोजित किया गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव थे। अध्यक्षता मेयर डा. अजय तिर्की ने की। विशिष्ट अतिथि निगम सभापति शफी अहमद, पार्षद अजय अग्रवाल एवं आलोक दुबे थे। मुख्य अतिथि ने फाइनल मुकाबले से पहले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर टॉस कराया। पूरी प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर मुख्य मुकाबले में पहंुची लटोरी एवं सरगुजा पुलिस टीम के बीच रोमांचक संघर्ष दर्शकों को देखने को मिला। पहले सेट में दोनों ही टीमों ने शानदार वॉली, स्मैश ड्रॉप शाट से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। खासकर लटोरी के फ्रंट लाइन खिलाड़ियांे का तालमेल शानदार रहा। पहला सेट लटोरी ने 25-20 से जीता। पहला सेट हारने के बाद सरगुजा पुलिस ने दूसरे सेट में वापसी का भरपूर प्रयास किया और यह सेट थोड़ा लंबा चला। काफी संघर्ष के बावजूद सरगुजा पुलिस दूसरे सेट में वापसी नहीं कर पाई। यह सेट भी लटोरी ने 26-24 ने जीता। तीसरे सेट में लटोरी के खिलाड़ी पूरी तरह हावी रहे। फाइनल सेट को 25-13 से जीतकर लटोरी ने विजेता का खिताब हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका में खिलावन सिंह, संजय सिंह, शरदेंदु शुक्ला, नुरूल हसन थे। फाइनल मुकाबले से पहले संघ की अध्यक्ष डा. इति चतुर्वेदी ने टूर्नामेंट का प्रतिवेदन पढ़ा। उन्होंने कहा कि तीन दिनों तक चले इस आयोजन में पच्चीस टीमों के मैनेजर, कोच सहित करीब 375 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं मेयर से वॉलीबाल मैदान को सर्वसुविधायुक्त कराने की मांग रखी। अध्यक्ष ने बताया कि चेंज रूम एवं टायलेट की सुविधा नहीं होने के कारण प्रतियोगिता में चाहकर भी महिला टीमों को नहीं बुला पाए। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन मेें सहयोग प्रदान करने वाले लोगों एवं संस्थाओं का आभार जताया। कार्यक्रम में रोचक कमेंटरी एवं संचालन एएसआई अभय तिवारी ने किया। इस मौके पर संघ के संरक्षक नरेंद्र सिंह, कोषाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, सचिव सज्जन सिंह, सुजीत चतुर्वेदी, बी पांडेय, अनिल सिंह, रामबहादुर लामा, ईश्वर सिंह, केके मिश्रा, राकेश मिश्रा, उपेंद्र सिंह, संजय सिंह, देवेंद्र सिन्हा, इंदरजीत सिंह धंजल, दुर्गेश गुप्ता, सहित काफी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद थे।
वॉलीबालखेल से लटोरी को मिला नाम
समापनसमारोह के मुख्य अतिथि विधायक टीएस सिंहदेव ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों ही टीमों ने शानदार खेल का मुजाहिरा किया। पुलिस टीम ने रक्षा सुरक्षा के साथ खेलों मेें भी अच्छी ऊर्जा का प्रदर्शन किया लेकिन विजेता बनने से रह गई। उन्होंने लटोरी को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई देते हुए कहा कि जिले में वॉलीबाल का नाम यदि लिया जाएगा तो उसमेें लटोरी अव्वल रहेगा। लटोरी जैसी छोटी सी जगह ने इस खेल को आज भी जीवित रखा है। उन्होंने संघ की मांगों के संबंध में कहा कि वॉलीबाल ग्राउंड की जो भी समस्याएं हैं उसे निगम एवं मेरे सहयोग से दूर किया जाएगा। श्री सिंहदेव ने कहा कि आज इस बात की जानकारी मिली कि ग्राउंड में महिला खिलाड़ियों के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। इसका ध्यान किसी ने नहीं दिलाया था। यह हमारे लिए शर्म की बात है कि बालिकाओं को इस कारण ही टूर्नामेंट में शामिल होने का मौका नहीं मिला। उन्होंने वॉलीबाल मैदान को सर्वसुविधायुक्त बनाने एवं बालिकाओं के लिए चेंज रूम एवं टायलेट के लिए पूरा खर्च विधायक मद देने की घोषणा की। श्री सिंहदेव ने शहर के स्टेडियम को सर्वसुविधायुक्त बनाने पहल करने की भी बात कही। उन्होंने कहा कि इसके लिए वे जल्द ही शासन को पत्र लिखकर अपनी मांग रखेंगे।
निगम सभापति शफी अहमद ने अपने संबोधन में कहा कि आज की स्थिति मेें तीन दिनों तक प्रतियोगिता का आयोजन कराना काफी कठिन काम होता है। इसके लिए वॉलीबाल संघ बधाई का पात्र है। उन्होंने कहा कि संघ की जो मांग है उसे निगम अपनी ओर से पूरा करने का प्रयास करेगा। उन्होंने कहा कि इस खेल को बढ़ावा देने शहर के चार-पांच स्थानों पर मैदान विकसित करने पहल की जाएगी। एमआईसी मेंबर पार्षद अजय अग्रवाल ने विजेता एवं उपविजेता टीमांे को बधाई देते हुए आयोजन समिति की सराहना की। पार्षद आलोक दुबे ने कहा कि फाइनल मुकाबला काफी रोमांचक रहा। दोनों ही टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। इतने कम समय में बड़े टूर्नामेंेट के आयोजन के लिए संघ बधाई का पात्र है।
मैन ऑफ मैच चुने गए राजकुमार
विजेतालटोरी टीम को ट्रॉफी सहित 10 हजार नकद एवं उपविजेता सरगुजा पुलिस को ट्रॉफी के साथ 7 हजार की राशि बतौर पुरस्कार प्रदान की गई। वहीं तीसरे स्थान पर रही गोंदा की टीम को 3 हजार का नकद इनाम दिया गया। बेस्ट बूस्टर का पुरस्कार लटोरी के गिरवर राजवाड़े को मिला। बेस्ट स्मैशर लटोरी के ही हेमंत रहे। वहीं बेस्ट डिफेंस का पुरस्कार सरगुजा पुलिस के शंकर प्रसाद को प्रदान किया गया। मैन आॅफ मैच का खिताब लटोरी के राजकुमार उर्फ भज्जू को दिया गया। उन्हें संघ के संरक्षक अरविंद सिंघानिया की ओर से 11 सौ रुपए नकद प्रदान किए गए। इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर एवं जिले के होनहार वॉलीबाल खिलाड़ियों को भी अतिथियों की ओर से पुरस्कृत किया गया। इनमें अंकितराज पुरोहित, गिरीश पैकरा, आशीष तिवारी, मेघा भगत, अनिमा मिंज, मारिया केरकेट्टा एवं घुमंतु विद्यालय के बच्चे प्रदीप एक्का शामिल हैं।
समापन समारोह में उपस्थित अतिथि संघ के पदाधिकारी