- Hindi News
- ठगी के मामले की दोनों महिला आरोपी गिरफ्तार
ठगी के मामले की दोनों महिला आरोपी गिरफ्तार
अंबिकापुर| स्वर्णजयंती शहरी रोजगार योजना के तहत ऋण दिलाने का झांसा देकर महिलाओं से ठगी करने वाले गिरोह के दोनों महिला सदस्यों को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों द्वारा 39 महिलाओं से करीब दो लाख रुपए वसूल किए गए थे। आरोपियों में से एक रायपुर के खमतरई क्षेत्र जबकि दूसरी अंबिकापुर की है। आरोपियों से ठगी की रकम एवं अन्य कागजात पुलिस ने बरामद कर दोनों को न्यायालय मंी पेश किया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। दोनों के खिलाफ धारा 420, 34 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
पुलिस ने बताया कि रायपुर जिले के खमतरई भनपुरी निवासी माया रजक पति मुकेश रजक एवं संगीता श्रीवास्तव निवासी भट्ठी रोड अंबिकापुर पिछले कुछ दिनों से स्वर्ण जयंती शहरी रोजगार योजना के तहत ऋण दिलाने के नाम पर शहर में महिलाओं से संपर्क कर रही थीं। महिलाओं को झांसे में लेकर उनसे पहले कुछ रुपए वसूल करतीं थी। सरिता ठाकुर सहित करीब 39 महिलाओं से दोनों ने पांच-पांच हजार रुपए वसूल किए थे। सभी को इन्होंने लोन दिलाने का भरोसा दिया था। काफी समय होने के बाद जब लोन नहीं मिला तो देवीगंज रोड निवासी सरिता ठाकुर पति नर्मदा ठाकुर ने मामले की शिकायत की। शिकायत पर जांच शुरू की गई तो पता चला कि जिस योजना के नाम से लोन दिलाने की बात आरोपियों ने की है वह योजना दो साल पहले ही बंद हो गई। इसके बाद मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आज दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि माया रजक मामले की मुख्य आरोपी है। माया करीब एक पखवाड़े पूर्व अंबिकापुर आई। उसने पहले संगीता को झांसे में लिया। इसके बाद संगीता के साथ मिलकर दूसरी महिलाओं से ठगी की। वह संगीता के घर में ही रह रही थी। गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से महिलाओं से वसूल की गई रकम एवं अन्य कागजात मिले जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस हिरासत में दोनों आरोपी उनके बरामद नकद सहित अन्य सामान
अपराध