चोरी की नीयत से एटीएम में तोड़फोड़ आरोपी गिरफ्तार, फुटेज से हुई पहचान
भास्कर संवाददाता| अंबिकापुर
बुधवार भोर में लंुड्रा स्थित एसबीआई के एटीएम में चोरी की नीयत से तोड़फोड़ करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को आसपास के कुछ लोगों ने देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटनास्थल से कुछ दूर ही युवक को पुलिस ने धरदबोचा। उसकी शिनाख्त एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में मिले फुटेज से भी की गई।
लंुड्रा पुलिस ने बताया कि पुराने बस स्टैंड पर एसबीआई का एटीएम है। बुधवार भोर में करगी गांव का 23 वर्षीय ह्दयलाल गोंड़ नामक युवक एटीएम में चोरी की नीयत से पहंुचा। उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए पहले वहां लगे कैमरे को कागज से ढंक दिया। इसके बाद वह कैश चेंबर को तोड़ने का प्रयास करने लगा। काफी देर के प्रयास के बाद भी वह चेंबर नहीं तोड़ पाया। इसके बाद वह युवक एटीएम से निकला। इस दौरान आसपास के दुकानदार जो साफ-सफाई करने के लिए उठे थे, उन्होंने युवक को संदिग्ध अवस्था में एटीएम से निकलते देखा। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहंुची तब तक युवक वहां से चला गया था। आसपास की तलाशी लेने पर युवक पुलिस के हत्थे चढ़ा। पूछताछ में उसने अपना जुर्म स्वीकार किया। एटीएम के सीसीटीवी कैमरे में चोर की करतूत कुछ देर के लिए रिकार्ड हुई है। इसके बाद युवक द्वारा कैमरे को कागज से ढंक दिया गया। घटना की जानकारी एसबीआई को दी गई। अधिकारियों ने एटीएम की जांच की। मशीन के कैश चेंबर को चोर द्वारा काफी क्षति पहंुचाई गई है। पुलिस ने युवक के खिलाफ धारा 451, 457, 511, 427 के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है।
लुंड्रा के पुराने बस स्टैंड स्थित एटीएम, जहां की गई तोड़फोड़।