प्रदेश के दस हजार गांव होंगे ‘ऑनलाइन’
सीएम की सभा, नेता विपक्ष की ‘मन की बात’
सीएम ने कहा कि आने वाले तीन साल अहम
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने शुक्रवार को पीजी काॅलेज ग्राउंड में कौशल उत्सव कहा है कि सरगुजा सहित पूरे छत्तीसगढ़ में सरकार का सारा जोर अब कनेक्टिविटी बढ़ाने पर है। आने वाले समय में सड़क और रेल नेटवर्क को मजबूत करने के अलावा दस हजार पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ा जाएगा। अंबिकापुर से बरवाडीह रेल लाइन इसी दिशा में बड़ा कदम है। इन कदमों से छत्तीसगढ़ विकसित राज्य बनेगा। उन्होंने कहा कि सरगुजा भी अपने काबिल युवाओं के दम पर जल्द ही विकसित क्षेत्रों की श्रेणी में आ खड़ा होगा। इस क्षेत्र ने नक्सल हिंसा को मात देते हुए विकास की राह चुन ली है।
मुख्यमंत्री के समक्ष युवाओं को दक्ष बनाने की चल रही पहल को कार्यक्रम के माध्यम से दिखाया गया। सीएम ने इसकी सराहना करते हुए कहा युवा उत्साह, जोश और उर्जा से आगे बढ़ रहे हैं। ये कुशल युवा ही आने वाले दिनों में छत्तीसगढ़ और देश की तस्वीर बदलेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा के ज्यादातर युवा युवा पढ़ाई-लिखाई के साथ कौशल प्रशिक्षण प्राप्त कर दक्ष हो रहे हैं। प यहां युवाओं का सपना जिस तरह से आकार ले रहा है उससे विश्वास के साथ कह सकते हैं कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ के लोग नौकरी करने वाले नहीं बल्कि नौकरी देने वाले होंगे। कार्यक्रम को प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता टीएस सिंहदेव, सांसद कमलभान सिंह ने भी संबोधित किया।
बैगपाइपर बैंड की धुन पर खुली जीप से स्टॉलों का जायजा लिया
मुख्यमंत्री ने उत्सव स्थल पर लगाए गए स्टालों का अवलोकन खुली जीप से भ्रमण कर किया। इस दौरान कैडेट एवं होली क्रास के बच्चों के बैगपाइपर बैण्ड ने अगवानी की। कार्यक्रम के दौरान कृषि, उद्यान, पशुपालन, वन, हस्तशिल्प, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास समिति एवं स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य हितग्राहियों को सामग्री वितरण एवं प्रशिक्षण प्राप्त युवकों को प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम में 6 हजार युवा शामिल हुए।
72 करोड़ से होंगे 14 काम
मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह ने पीजी कॉलेज ग्राउंड में 93 करोड़ 89 लाख 70 हजार रूपये की लागत के 19 विभिन्न निर्माण कार्यो का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इनमें 71 करोड़ 67 लाख 14 हजार रूपए के 14 निर्माण कार्यो का शिलान्यास और 22 करोड़ 22 लाख 56 हजार रूपए की लागत के 5 निर्माण कार्यो का लोकार्पण शामिल हैं।
सरगुजा ने नक्सल हिंसा को हराया
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा बदल रहा है। नक्सल हिंसा से यह क्षेत्र अशांत हो चुका था लेकिन अब वातावरण बहुत बदल गया है। कौशल उत्सव इसका उदाहरण हैं। युवाआंे के विकास पथ पर बढ़ते कदम से अब नक्सलवाद यहां खड़ा नहीं हो सकता। नक्सली हिंसा से मुक्ति मिलने के बाद बाद सरगुजा तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरगुजा विश्वविद्यालय की स्थापना से उच्च शिक्षा में सुधार आ रहा है। अब जल्द ही सरकार सरगुजा में मेडिकल काॅलेज लेकर आ रही है। उन्होंने कौशल विकास में इंजीनियरिंग, पॉलीटेक्निक, लाइवलीहुड काॅलेज सहित अन्य संस्थाओं की भूमिका की सराहना की। बच्चों द्वारा डिजिटल इंडिया की प्रस्तुति की उन्होंने प्रशंसा की।
बरवाडीह रेल लाइन मंजूरी बड़ी उपलब्धि
सीएम ने कहा वर्षों से अम्बिकापुर से बरवाडीह रेलमार्ग की मांग की जा रही है। रेलमंत्री से इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मांग रखी गई तथा एमओयू पर हस्ताक्षर किया गया। रेल लाइन का निर्माण बड़ा काम होगा। उन्होंने इस हेतु सांसद कमलभान सिंह के इस दिशा में प्रयास की भी सराहना की। कार्यक्रम के बाद पत्रकारों के सवाल पर सीएम ने कहा कि प्रयास रहेगा कि बरवाडीह लाइन के लिए इस बजट में फंड मिलने के बाद जल्द काम शुरू हो जाएगा। मेडिकल काॅलेज के बारे में कहा कि इसके लिए तेजी से प्रयास हो रही है। उम्मीद है नए सत्र से काॅलेज शुरू हो जाए।
शक्तिशाली बन रहा है सरगुजा
प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कौशल विकास की योजना और प्रशासन की सार्थक पहल से युवा राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हो रहे हैं। सांसद कमलभान सिंह ने कहा कि कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सरगुजा का निरंतर विकास हो रहा है। कलेक्टर ऋतु सैन ने छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा युवाओं के लिए कौशल विकास का अधिकार अधिनियम 2013 को अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि इस अधिनियम से 14 से 45 उम्र के सभी युवाओं को अपनी रूचि के अनुसार कौशल प्राप्त करने का अधिकार है।
सीएम ने कहा- इसी तरह विपक्ष की भूमिका िनभाएं
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष की कार्यशैली की सराहना की। उन्होंने कहा कि मैं हमेशा इनकी तारीफ करता हूं लेकिन पता नहीं ये क्यों डरते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आप डरें नहीं बल्कि इसी तरह से आने वाले समय में भी विपक्ष की भूमिका निभाते रहें।
पीजी कॉलेज मैदान में हुए कौशल उत्सव के दौरान यहां पर आए युवाओं का अभिवादन करते सीएम।
1 तीन हजार करोड़ से अधिक की लागत से राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। अम्बिकापुर से बिलासपुर, अम्बिकापुर से पत्थलगांव सहित अन्य मार्गों के लिए सड़क और पुल-पुलियाें को तीन सालों में निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
2 40 से 45 हजार करोड़ रूपए की लागत से आने वाले तीन वर्षों में सड़कों का विकास किया जाएगा।
3 10 से 15 हजार करोड़ खर्च रेलवे के विस्तार पर खर्च होंगे।
4 ग्राम पंचायतों को ब्रॉड बैण्ड के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
5 सभी गांवों, पारों एवं मोहल्लों का विद्युतीकरण भी किया जाएगा।ं
6 मेडिकल कालेज इसी सत्र से शुरू करने का प्रयास
सरकार का सारा जोर अब कनेक्टिविटी बढ़ाने पर, अंबिकापुर-बरवाडीह रेल लाइन इसी दिशा में कदम