गृहमंत्री के एक्सीडेंट मामले की आईजी करेंगे जांच
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
गृहमंत्री रामसेवक पैकरा के एक्सीडेंट में घायल हो जाने के मामले की जांच आईजी दिपांशु काबरा करेंगे। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह द्वारा इसे सुरक्षा में बड़ी चूक मानते हुए पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए जाने पर डीजीपी एएन उपाध्याय ने जांच की जिम्मेदारी आईजी दिपांशु काबरा को दी है। जांच में एक्सीडेंट के कारणों का पता लगाया जाएगा, ताकि आगे से ऐसे हादसे न हों।
आईजी दिपांशु काबरा ने बताया कि एफएसएल की टीम से घटना स्थल की रिपोर्ट मंगाई गई है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि हादसे का कारण जानना जरूरी है। जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारण का पता चल पाएगा। इसके बाद ऐसे हादसों को रोकने उपाय किए जाएंगे। गौरतलब है कि बुधवार की रात बनारस रोड में खरहरा नाले के पास गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की गाड़ी सामने से आ रही पिकअप से टकरा गई थी। हादसे में पैकरा सहित उनका पीए व गनमैन घायल हो गए थे। सभी को इलाज के लिए रात में हेलीकाप्टर से रायपुर ले जाया गया था। गृहमंत्री का काफिला रात में वाड्रफनगर से लौट रहा था। उनके वाहन के आगे पुलिस की दो पायलेटिंग गाड़ियां थीं। इसके बाद भी हादसा हो गया। इससे सुरक्षा को लेकर भी चिंता जाहिर की जा रही है। गौरतलब है कि अभी तक की जांच में यह बात सामने आ रही है कि जहां पर हादसा हुआ उस सड़क पर काम चलने की वजह से वन-वे था। हादसे के वक्त दुर्घटनाकारी पिकअप का दाहिने तरफ का एक्सल टूट गया था और पिकअप अनियंत्रित होकर गृहमंत्री के वाहन से टकरा गई।