रेवेन्यू बोर्ड का लिंक कोर्ट शुरू करने की मांग
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
स्टेट बार कौंसिल ने मुख्यमंत्री से अंबिकापुर में रेवेन्यू बोर्ड का लिंक कोर्ट शुरू किए जाने की मांग की है। कौंसिल के अध्यक्ष अधिवक्ता प्रवीण गुप्ता ने पीजी कालेज ग्राउंड में कौशल उत्सव में पहंुचे सीएम को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि सरगुजा संभाग के अंतर्गत आने वाले जिलों के कलेक्टर द्वारा निराकृत मामले कमिश्नर के यहां सुनवाई के लिए आते हैं। यहां से संबंधित प्रकरण रेवेन्यू बोर्ड बिलासपुर को भेज दिया जाता है। करीब दो हजार मामले बिलासपुर रेवेन्यू बोर्ड में लंबित हैं। प्रकरण अधिक होने के कारण इनकी सुनवाई नहीं हो पा रही है। इससे पक्षकरों को परेशान होना पड़ता है।
जिस तरह से रायपुर में रेवेन्यू बोर्ड का लिंक कोर्ट खोला गया है उसी तरह अंबिकापुर में भी कोर्ट शुरू करने से लोगों को सुविधा होगी। कौसिल द्वारा जिला न्यायालय परिसर से लगी गुलाब कालोनी को न्यायालय परिसर में शामिल कर नवीन भवन बनाए जाने की भी मांग की गई है।