अभाविप सदस्यों ने सीएम से मुलाकात कर सौंपा ज्ञापन
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
अभाविप मंत्री अंकित जायसवाल के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर नौ सूत्रीय मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में सिटी बसों में सामान्य छात्रों को 50 प्रतिशत व विकलांग छात्रों को निशुल्क यातायात व्यवस्था, सभी विश्वविद्यालय में छात्राओं की सुविधा के लिए विद्यार्थी सदन निर्माण, बस्तर एवं सरगुजा यूनिवर्सिटी के लिए नियमित कर्मचारियों की नियुक्ति व विश्वविद्यालय का निर्माण, कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए छात्रावास का निर्माण सहित 9 सूत्रीय मांगें शामिल हैं। साथ ही इन मांगों को जल्द पूरा करने सीएम से आग्रह किया। इस पर मुख्यमंत्री ने आश्वासन देते हुए कहा कि आगामी बजट में विकलांग छात्रों के लिए निशुल्क यातायात व्यवस्था, कन्या कॉलेज अंबिकापुर के लिए छात्रावास भवन, प्रदेश के सभी अग्रणी कॉलेज के लिए अतिरिक्त कमरों का निर्माण एवं लैब व लाइब्रेरी के लिए राशि उपलब्ध कराई जाएगी। ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदेश संगठन मंत्री मधुसूदन जोशी, कॉलेज अध्यक्ष प्रखर मिश्रा आदि शामिल थे।