लोन पास कराने वसूली पर गृहमंत्री से शिकायत
भास्कर संवाददाता | प्रतापपुर
ग्राम गोविंदपुर में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण बैंक के मैनेजर द्वारा प्रधानमंत्री राहत कोष योजना के तहत लोन पास कराने के नाम पर रुपए लेने का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने इसकी शिकायत गृहमंत्री सहित जिले के उच्चाधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर की है।
ग्रामीणों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि ग्रामीण बैंक के मैनेजर द्वारा शासन की महत्वाकांक्षी योजना का लाभ लेने के एवज में ग्रामीणों से रकम वसूली जा रही है। रुपए नहीं देने पर गोल-मोल जवाब देकर गुमराह किया जा रहा है। शिकायत पर गृहमंत्री रामसेवक पैकरा ने रमकोला थाना प्रभारी को जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। ज्ञापन सौंपने वालों में राजकुमार, सीमा, राजेश, तेजबहादुर, दिनेश आदि शामिल थे।
प्रधान पाठक एवं सहायक शिक्षक पंचायत निलंबित
अंबिकापुर| कलेक्टर के निर्देशानुसार डीईओ आरपी आदित्य ने विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला रामपुर के प्रधानपाठक योगेंद्र प्रसाद गुप्ता एवं सहायक शिक्षक पंचायत अनुभा सिंह के बीच विवाद होने पर मामले की जांच उपरांत प्रधानपाठक एवं सहायक शिक्षक पंचायत को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि पर इनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय अंबिकापुर नियत किया गया है।