- Hindi News
- National
- सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन औषधि केंद्र को मिला लाइसेंस, जल्द होंगे शुरू
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन औषधि केंद्र को मिला लाइसेंस, जल्द होंगे शुरू
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
जिला अस्पताल की तर्ज पर जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जल्द ही जन औषधि केंद्र(दवा दुकान) शुरू किए जाएंगे। सभी दुकानों के लिए खाद्य व औषधि नियंत्रण प्रशासन से लाइसेंस की मंजूरी मिल गई है। इससे दुकान शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मार्च तक दुकान शुरू करने प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सभी दुकानें रेडक्रास सोसाइटी से संचालित होंगी जहां से मरीजों को सस्ते दर पर जेनरिक दवा उपलब्ध कराई जाएंगी। यह प्रयोग सफल रहा तो अगले चरण में बाजार व प्राइमरी स्वास्थ्य केंद्रों में दुकानें शुरू की जाएंगी। ये बीपीपीआई (ब्यूरो आफ फार्मास्यूटिकल आफ इंडिया) से आनलाइन रहेंगी। बीपीपीआई जन औषधियों की कीमतों का निर्धारिण करता है।
प्रदेश का पहला जन औषधि केंद्र जिला अस्पताल में करीब तीन साल पहले शुरू हुआ था। बाद में शासन इस योजना काे पूरे प्रदेश में शुरू की। इसी तर्ज पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवा दुकान शुरू करने स्थानीय प्रशासन द्वारा पहल की गई। इसके लिए पहले लाइसेंस की जरूरत पड़ी। लाइसेंस लेने खाद्य व औषधि नियंत्रण विभाग को आवेदन भेजा गया। वहां से पिछले दिनों जिले के सातों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में दवा दुकान के लिए लाइसेंस मिल गया। इससे दुकान शुरू करने की अड़चन अब खत्म हो गई है। अब स्वास्थ्य विभाग द्वारा दुकान के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में जगह की तलाश की जा रही है, ताकि मरीजों को जरूरी जेनरिक दवाइयां उपलब्ध कराई जा सकें। गौरतलब है कि शासन द्वारा शासकीय अस्पतालों में मरीजों को जेनरिक दवा से इलाज करने निर्देश दिए गए हैं। यह दवाइयां ब्रांडेड कंपनी की दवाइयों से काफी कम कीमत पर उलब्ध हो जाती है।
एसडीएम अध्यक्ष व बीएमओ होंगे सचिव
सभी जन औषधि केंद्र रेडक्रास सोसाइटी से संचालित होंगे। एसडीएम इसके पदेन अध्यक्ष व बीएमओ सचिव होंगे। ये स्थानीय स्तर पर इनकी मानीटरिंग करेंगे और सेल्समेन की नियुक्ति भी इन्हीं के द्वारा की जाएगी।
सभी केंद्रों में समान दर पर मिलेगी दवा
बीपीपीआई जन औषधि की कीमत तय करता है। दुकानें बीपीपीआई से आॅनलाइन होने से हेरफेर नहीं सकेगी। दुकानों में दवा के स्टाक व बिक्री की मानीटरिंग आॅनलाइन होगी। इससे कोई दुकानदार ज्यादा कीमत में दवा नहीं बेच पाएगा।
दवा के लिए भेजा गया है आर्डर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में जन औषधि केंद्र शुरू करने खाद्य व औषधि विभाग से लाइसेंस मिल गया है। दवा के लिए बीपीपीआई को आर्डर भेजा गया है। सभी केंद्रों में भी दुकान के लिए तैयारियां पूरी हो गई है। जैसी ही दवा की सप्लाई आएगी सभी दुकानें शुरू हो जाएंगी।’’ -डा. एके जायसवाल, सीएमओ सरगुजा
बीपीपीआई करेगा दवा की सप्लाई
जिला अस्पताल सहित सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों की जन औषधि केंद्रों में बीपीपीआई से दवा की सप्लाई होगी। नई दुकानों को बीपीपीआई शुरू में डेढ़ लाख की जेनरिक दवा सप्लाई करेगा। सभी दुकानें आनलाइन बीपीपीआई से जुड़ी रहेंगी। जिले में दुकान शुरू करने के लिए बीपीपीआई को लाइसेंस के साथ दवा का आर्डर स्वास्थ्य विभाग द्वारा भेज दिया गया है। मार्च तक वहां दवा की सप्लाई होने की उम्मीद है।
जिला अस्पताल की तर्ज पर ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में खुलेंगे जन औषधि केंद्र।
सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में खुलेंगे दुकान, रेडक्रास सोसाइटी से होगी संचालित