खदान के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध, तीन घंटे चक्काजाम
भास्कर न्यूज|केरता/प्रतापपुर
महान तीन खदान के लिए जमीन अधिग्रहण का विरोध शुरू हो गया है। खदान से प्रभावित होने वाले जगन्नाथपुर एवं चौरा के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को पंपापुर चौक में धरना देकर करीब तीन घंटे तक चक्काजाम किया। ग्रामीणों का कहना है कि खदान के लिए खेती एवं निस्तारी की जमीन को अधिग्रहित कर लेने से उनके सामने गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी।
प्रतापपुर ब्लॉक में महान तीन खदान शुरू करने एसईसीएल भटगांव ने प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस खदान के लिए जगन्नाथपुर एवं चौरा गांव के आसपास की जमीन अधिग्रहित की जानी है। इलाके के लोगों का कहना है कि दोनों गांवों में खेती ही रोजी-रोटी का जरिया है। बांध से काफी बड़ा इलाका सिंचित है। इसके चलते कई प्रकार की फसलें किसान लेते हैं। खेती की जमीन के अलावा निस्तारी का काफी बड़ा इलाका एवं छोटे झाड़ के जंगल भी इसी दायरे में आ रहे हैं।
चक्काजाम के दौरान राजपुर के जनपद उपाध्यक्ष शिवनाथ जायसवाल ने कहा कि महान दो के लिए पहले जमीन देकर लोगों ने अपने लिए समस्या खड़ी कर ली है। अब दोबारा ऐसी गलती नहीं करेंगे। विद्यासागर सिंह ने कहा कि अचल संपत्ति देकर हमें चल संपत्ति नहीं चाहिए। सभा व चक्काजाम करीब दोपहर तीन बजे तक चला। इस दौरान कोई अधिकारी वहां नहीं पहंुचा। इसके बाद बगैर किसी निर्णय के एसडीएम को ज्ञापन सौंप आंदोलन समाप्त कर दिया गया। आंदोलन में जिला पंचायत सदस्य कुमार सिंहदेव, माखनलाल, संजीव श्रीवास्तव, सरपंच सोनामति सहित ग्रामीण काफी संख्या में शामिल हुए।
तीन खदानों के शुरू करने के लिए जमीन अधिग्रहण का विराेध करते जगन्नाथपुर व चौरा के ग्रामीण ।
बंद रहा कोल परिवहन
अंबिकापुर-प्रतापपुर रोड में पंपापुर चौक पर आंदोलन के कारण महान दो खदान से कोयला परिवहन प्रभावित रहा। मुख्य मार्ग पर चक्काजाम करने से दोनों ओर कोयला लोड वाहन फंसे रहे। करीब तीन घंटे बाद फिर से कोयला परिवहन शुरू हुआ। इस दौरान खड़गवां एवं प्रतापपुर की पुलिस इलाके मंे तैनात रही।