यूटीडी व इंजीनियरिंग कॉलेज में शिक्षकों की कमी को लेकर ज्ञापन
अंबिकापुर | सरगुजा विश्वविद्यालय द्वारा संचालित इंजीनियरिंग कॉलेज एवं यूटीडी में शिक्षकों की कमी का खामियाजा छात्रों को भुगतना पड़ रहा है। एनएसयूआई के जिलाध्यक्ष शिवराज सिंह ने इस संबंध में कुलसचिव को सौंपे ज्ञापन में बताया कि इंजीनियरिंग कॉलेज में 227 पदों पर नियुक्ति की जानी थी लेकिन केवल चालीस पदोें से ही काम चलाया जा रहा है। इसमें कुछ कर्मचारियों की नियुक्ति विश्वविद्यालय के काम में लगाया गया है। इससे कॉलेज की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कुछ ऐसी ही स्थिति विश्वविद्यालय शिक्षण विभाग की है। यहां स्वीकृत 85 पदों से सिर्फ 16 पदों पर ही नियुक्ति की गई है। यूटीडी विश्वविद्यालय का प्रमुख अंग होने के बावजूद लगातार यहां की उपेक्षा हो रही है। छात्र संगठन ने इन समस्याओं के लिए जल्द पहल करने का आग्रह कुलसचिव से किया है।