गृहमंत्री रामसेवक पैकरा रायपुर में भर्ती, हालत खतरे से बाहर
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर/वाड्रफनगर
गृहमंत्री रामसेवक पैकरा की हालत खतरे से बाहर बताई गई है। उनका रायपुर के रामकृष्ण केयर हाॅस्पीटल में इलाज चल रहा है। बुधवार रात वाड्रफनगर से लौटते वक्त उनकी सफारी को सामने से आ रही पिकअप ने टक्कर मार दी थी। हादसे में गृहमंत्री पैकरा के अलावा तीन और लोग घायल हुए थे। इन सभी को देर रात सेना के हेलीकाप्टर से रायपुर शिफ्ट किया गया था। इधर पुलिस ने पिकअप के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
बुधवार को गृहमंत्री वाड्रफनगर के पास महेवा गांव में भाजपा कार्यकर्ता विश्वनाथ तिवारी के घर ब्रम्हभोज में शामिल होने गए थे। वहां से रात में वे अपनी सफारी में भाजपा नेता विजय तिवारी, पीए अशोक गुप्ता व गनमैन के साथ अपने गृहग्राम चंेद्रा लौट रहे थे। रात करीब नौ बजे बनारस रोड में खरहरा नर्सरी से कटहल लोड कर उत्तरप्रदेश की ओर जा रही पिकअप क्रं. यूपी 44 एफ-0185 के चालक संजय विश्वकर्मा ने सफारी को ड्राइवर साइड की ओर से टक्कर मार दी। सूचना पर चंदौरा, वाड्रफनगर से पुलिस अधिकारी मौके पर पहंुचे। सफारी में फंसे लोगों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया। शेष पेज |13
घायल पैकरा, विजय तिवारी, अशोक गुप्ता एवं ड्राइवर को वाहन से भटगांव एसईसीएल अस्पताल लाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद उन्हें देर रात अंबिकापुर जिला अस्पताल लाया गया। इधर गृहमंत्री को अंबिकापुर लाए जाने की सूचना पर कमिश्नर टीसी महावर, आईजी दीपांशु काबरा, कलेक्टर ऋतु सैन सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि अस्पताल पहंुचे। वहां डाक्टरों ने सभी घायलों की जांच की। हादसे में श्री पैकरा के सीने, चेहरे एवं पैर में चोटें आई हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने गृहमंत्री से मोबाइल पर बातचीत कर उनका हाल जाना। रात करीब डेढ़ बजे रायपुर से सेना का हेलीकाप्टर एमआई-17 दरिमा हवाई पट्टी पहंुचा। सभी को एंबुलेंस से दरिमा लाया गया और यहां से हेलीकाप्टर में रायपुर भेजा गया। रात में ही उन्हें रामकृष्ण हास्पीटल में एडमिट कराया गया। इलाज के बाद वहां के डाक्टरों ने गृहमंत्री सहित सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
घायल क्लीनर
सड़क पर चल रहा था काम
बलरामपुर एसपी सदानंद कुमार ने बताया कि गृहमंत्री महेवा से पायलट वाहन व पुलिस अधिकारियों की सुरक्षा में रात को अपने गांव चेंद्रा के लिए रवाना हुए थे। खरहरा नर्सरी के पास रोड के एक साइड में कंस्ट्रक्शन का काम चल रहा था। इसलिए पूरी ट्रैफिक एक साइड पर ही थी। जैसे ही पायलट वाहन पिकअप को पार कर आगे बढ़ा, अचानक पिकअप के दाहिने ओर का एक्सल टूट गया और पिकअप अनियंत्रित होकर सफारी से भिड़ गई। सफारी के पीछे चल रहे एसडीओपी एवं बसंतपुर टीआई ने गृहमंत्री सहित अन्य घायलों को भटगांव भेजा।
नेताम अस्पताल पहंुचे, घायलों का हाल जाना
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रामविचार नेताम गुरुवार को रामकृष्ण अस्पताल पहंुचे। उन्होंने गृहमंत्री श्री पैकरा सहित हादसे में घायल विजय तिवारी, अशोक गुप्ता एवं ड्राइवर से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। उन्होंने सभी के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
देर रात गृहमंत्री को हेलीकाप्टर से रायपुर भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है।
ड्राइवर गिरफ्तार, क्लीनर अस्पताल में भर्ती
हादसे में पिकअप के क्लीनर सतीश निवासी फैजाबाद को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं ड्राइवर संजय विश्वकर्मा निवासी ग्राम सजइया, सुल्तानपुर को सीने में चोट लगी है। क्लीनर को रात में वाड्रफनगर से अंबिकापुर रेफर कर दिया गया। उसे मिशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गृहमंत्री की ओर से वाड्रफनगर चौकी प्रभारी टीआर कंवर की रिपोर्ट पर पिकअप ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।