कौशल उत्सव आज, सीएम होंगे शामिल
भास्कर संवाददाता | अंबिकापुर
पीजी काॅलेज ग्राउण्ड में शुक्रवार को मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह के मुख्य आतिथ्य में कौशल उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर प्रशिक्षण प्राप्त युवाओं को प्रमाण पत्र का वितरण किया जाएगा। मुख्यमंत्री इस दौरान करोड़ों के निर्माण कार्यो का शिलान्यास एवं लोकार्पण तथा 66 लाख से अधिक सहायता राशि का वितरण करेंगे। उत्सव के आयोजन का फाइनल रिहर्सल गुरुवार को अधिकारियों की मौजूदगी में किया गया।
पढ़ाई छोड़ चुके एवं बेरोजगार युवकों का कौशल उन्नयन कर रोजगार उपलब्ध कराने में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी बन रहा है। गांव-गांव से अलग-अलग कौशल में दक्ष लोगों के विकास के लिए छत्तीसगढ़ स्टेट स्किल डेवलपमेंट एजेन्सी के माध्यम से प्रशिक्षित किया जा रहा है। जिले में विभिन्न कौशलों के विकास के लिए लगभग 7 हजार 200 युवाओं का चयन किया गया है। जिला मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित कौशल उत्सव कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डाॅ. सिंह मुख्य अतिथि होंगे। इस मौके पर कृषि व जिले के प्रभारी मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंह देव, सांसद कमलभान सिंह मरावी, सीतापुर विधायक अमरजीत भगत, लुण्ड्रा विधायक चिन्तामणी महाराज, महापौर डाॅ. अजय तिर्की एवं जिला पंचायत अध्यक्ष फुलेश्वरी सिंह उपस्थिति रहेंगे।
आयोजन की तैयारियों का जायजा लेते कमिश्नर, आईजी सहित अन्य अधिकारी।
77 करोड़ के कार्यों का करेंगे शिलान्यास
मुख्यमंत्री पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कौशल उत्सव में लगभग 77 करोड रुपए की लागत के 17 विभिन्न निर्माण कार्यो का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 61 करोड़ 63 लाख 64 हजार रुपए की 14 निर्माण कार्यो का शिलान्यास एवं 15 करोड़ 44 लाख 37 हजार रुपए की लागत के तीन कार्यो का लोकार्पण करेंगे। इसमें पीएचई द्वारा 17 करोड़ चार लाख 38 हजार रुपए की लागत से दरिमा समूह जल प्रदाय योजना की योजना भी शामिल है। इस योजना के जरिए घुनघुट्टा डेम से पाइप लाइन से आसपास की 15 पंचायतों में पेयजल सप्लाई की जाएगी।
उत्सव स्थल पर रोड शो में होगा स्वागत
गुरुवार को कॉलेज ग्राउंड में उत्सव के दौरान होने वाले सभी कार्यक्रमों का मिनट टू मिनट फाइनल रिहर्सल किया गया। इस दौरान कमिश्नर टीसी महावर, आईजी दीपांशु काबरा, कलेक्टर ऋतु सैन, एसपी प्रखर पाण्डेय सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। उत्सव सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगा। रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री की अगवानी के लिए होली क्राॅस के छात्रों का बैगपाइपर बैण्ड एवं कैडेट होंगे। इस दौरान डिजिटल सरगुजा, मेक इन सरगुजा, स्टार्टअप सरगुजा, स्किल्ड सरगुजा एवं स्मार्ट सरगुजा की शानदार प्रस्तुति होगी।
ढाई घंटे का होगा सीएम का प्रवास
मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह 12 फरवरी को सुबह 10.30 बजे पुलिस ग्राउण्ड रायपुर से हेलीकाॅप्टर से प्रस्थान कर 11.30 बजे पीजी काॅलेज ग्राउण्ड पहुंचेंगे। वे कौशल उत्सव कार्यक्रम सहित विभिन्न विभागों के विकास कार्यो का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 2 बजे हेलीकाॅप्टर द्वारा रायपुर रवाना होंगे।
प्रवेश के लिए बने गेट
उत्सव स्थल पर प्रवेश के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं। आमंत्रित विधायक, जिपं, जपं व नगरीय निकाय जनप्रतिनिधि तथा मीडियाकर्मी औद्योगिक परिक्षेत्र की ओर स्थित गेट से प्रवेश करेंगे। इसी प्रकार डाइट के समीप स्थित गेट से जिला अधिकारियों के वाहन को प्रवेश दिया जाएगा। अन्य लोगों के वाहन डाइट मैदान में पार्किंग कराते हुए उन्हें पैदल प्रवेश करने दिया जाएगा। भाग लेने वाले युवा काॅलेज हाॅस्टल के गेट से प्रवेश करेंगे। राजमोहिनी देवी भवन के सामने बना गेट सीएम के वाहन के लिए होगा।