स्टाफ की कमी से नहीं खुल रहे खाते, पेमेंट के लाखों रुपए जाम
रेलवे टििकट रिजर्वेशन काउंटर बंद
मेन पोस्ट ऑफिस में स्टाफ की कमी इस कदर है कि यहां शासन द्वारा संचालित कई जनकल्याणकारी योजनाओं का काम प्रभावित होने लगा है। बचत व आवर्ति योजना तो दूर सुकन्या समृद्धि जैसी महत्वपूर्ण योजना के नए एकाउंट नहीं खुल पा रहे हैं। केवल सुकन्या समृद्धि के ही मेनपोस्ट ऑफिस में 3 हजार से ज्यादा आवेदन पेंडिंग पड़े हैं। इसके साथ ही मनरेगा, वृद्धा पेंशन सहित अन्य योजनाओं की लाखों रुपए की राशि मेनपोस्ट ऑफिस में जाम है। इसके कारण हितग्राहियों का पेंशन नहीं मिल रहा है। यहां 34 की जगह 17 कर्मचारी काम कर रहे हैं जिसका असर कामकाज पर पड़ रहा है। इससे हितग्राही भी परेशान हैं। वे खाता खुलवाने सहित अन्य काम के लिए यहां रोज दौड़ लगा रहे हैं।
इससे मेन पोस्ट ऑफिस का कारोबार भी प्रभावित हो रहा है। खाता नहीं खुलने से लाखों का नुकसान हो रहा है। पोस्ट ऑफिस से डाक वितरण के साथ-साथ अब बैंकिंग के भी सारे काम हो रहे हैं। गांवों में इसकी शाखा होने से यहां ग्रामीणों की पहुंच आसान होती है। इसे देखते हुए शासन ने भी मनरेगा सहित वृद्धा पेंशन, निराश्रित योजना पेंशन सहित अन्य योजनाओं के पेमेंट को पोस्ट ऑफिस से जोड़ दिया ताकि ग्रामीणों को पेंशन सहित अन्य भुगतान के लिए भाग दौड़ नही करनी पड़े लेकिन जिले में मेन पोस्ट ऑफिस में स्टाफ की कमी के कारण सभी योजनाएं प्रभावित हो रही हैं। मेन पोस्ट ऑफिस में कर्मचारी नहीं होने से यहां से राशि का ट्रांसफर उप डाकघर सहित अन्य शाखाओं में नहीं हो पा रहा है जिससे लाखों रुपए पेमेंट के मेन पोस्ट ऑफिस में जाम है। इसका खामियाजा हितग्राहियों को उठाना पड़ रहा है।
यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे टिकिट रिजर्वेशन काउंटर भी रेलवे से टाइअप पर दो साल पहले शुरू हुआ था। इससे यात्रियों को काफी सुविधा मिली थी। शहर में लोगों को टिकट मिल जाता था लेकिन अब यह भी बंद हो गया है। इससे रेलवे के यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
19 में से केवल 7 पोस्टमैन की डाक बांटने का काम प्रभावित
स्टाफ की कमी से पोस्ट आॅफिस का डाक वितरण का मेन काम ही प्रभावित हो गया है। शहर में 19 पोस्टमैन में से सिर्फ 7 की पोस्टिंग है। रिक्त पदों पर दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी की नियुक्ति कर काम चलाया जा रहा है लेकिन इन्हें क्षेत्र के बारे में पता नहीं होने से डाक का वितरण नहीं कर पाते हैं। कई बार गलत जगह पर डाक चला जाता है।
दूसरे बैंकों के चेक क्लीरियेंस का काम भी बंद पड़ा
स्टाफ की कमी के कारण मेन पोस्ट आॅफिस में हितग्रहियों से दूसरे बैंकों के चेक भी नहीं लिए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि चेक लिस्ट बनाने के लिए कर्मचारी की जरूरत पड़ती है। पर इसके लिए स्टाफ नहीं है। इसलिए चेक से कोई पेमेंट नहीं लिया जा रहा है। इससे हितग्राहियों से कई बार विवाद की स्थिति भी बन जाती है।
सुकन्या समृद्धि योजना के नहीं खुल रहे खाते
शासन द्वारा जीरो से 10 वर्ष की बालिकाओं के लिए पिछले साल ही सुकन्या समृद्धि योजना शुरू की गई है। मेनपोस्ट आॅफिस को 10 हजार खाते खोलने का लक्ष्य मिला है। अभी तक 5 हजार ही एकाउंट खुल पाए हैं। इसके तीन हजार आवेदन यहां पेंडिंग पड़े है। कर्मचारी नहीं होने से नए खाते नहीं खुल रहे हैं। बचत व आवर्ती जमा के नए एकाउंट भी नहीं खुल रहे हैं।
पोस्ट आफिस में कर्मचारियों की कमी से हो रहा है कामकाज प्रभावित। रोजाना लगती है लंबी कतार।
34 की जगह 17 कर्मचारियों से चल रहा काम, हजारों आवेदन पेंडिंग