सभी छात्रों को मारने की थी साजिश
बलांगीर| खप्राखोलब्लॉक दमेईपाली पंचायत के केछोबाहाल उच्च प्राथमिक विद्यालय में एक छात्र के मध्याह्न भोजन में जहर मिलाने की घटना में कई सनसनी खेज वाले तथ्य सामने आए हैं।
मध्यान्ह भोजन में जहर मिलाकर केवल एक छात्र को नहीं बल्कि सभी छात्रों को मारने की साजिश होने की बात सामने आई है। इस तथ्य के सामने आने के बाद से विद्यार्थियों के अभिभावक काफी डरे हुए हैं एवं वे अपने बच्चों को स्कूल जाने नहीं दे रहे हैं। गौरतलब है कि इस वर्ष अक्षय बाग स्कूल परिचालना कमेटी के अध्यक्ष पद चुने गए हैं। जबकि काफी प्रयास के बावजूद चिंता बरिहा अध्यक्ष पद हासिल नहीं कर पाये। अध्यक्ष पद को लेकर उनके बीच विवाह शुरू हुआ था जो दुश्मनी का रूप ले चुका था। 3 फरवरी को गांव के युगल बरिहा एवं चिंता बरिहा ने स्कूल में पढ़ने वाले सातवीं कक्षा के एक छात्र को स्कूल के मध्यान्ह भोजन में जहर मिलाने को कहा था। ऐसा करने पर उसे एवं उसके परिवार के सभी सदस्यों को जान से मारने की दी। मजबूर होकर उस छात्र ने अन्य एक छात्र के मध्याह्न भोजन में जहर मिला दिया था। किंतु खाने से बदबू आने पर उक्त छात्र ने खाना नहीं खाया एवं रसोइया से शिकायत की। संदेह होने पर रसोइया ने प्रधान शिक्षक एवं सहायक शिक्षकों को इस घटना की जानकारी दी।
शिक्षकों ने जहर मिला हुआ खाना को फेंक दिया एवं जांच पड़ताल शुरू की। इस दौरान पता चला कि सातवीं कक्षा के छात्र ने खाने में जहर मिलाया है। उक्त छात्र से पूछताछ करने पर पता चला कि चिंता एवं युगल के धमकाने पर उसी ने खाने में जहर मिलाया था। इसके बाद शिक्षकों ने लरंभा थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की तहकीकात कर गत गुरुवार को आरोपी युगल एवं चिंता को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। साथ ही साथ जहर मिला हुआ खाद्य को जब्त कर फॉरेंसिक लेब भेज दिया है।