राजधानी में 12 को धरना देंगे रसोइए
भारतीयमजदूर संघ से संबद्ध मध्यान्ह भोजन रसोइया संघ के पदाधिकारी, सदस्य 12 फरवरी को अपने आठ सूत्रीय मांगों को लेकर रायपुर में धरना-प्रदर्शन करेंगे।
जिलाध्यक्ष रेवाराम देशमुख ने बताया कि संघ के कार्य समिति की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार रसोइयों की आठ सूत्री मांग को लेकर प्रदेश में दो चरणों में आंदोलन किया जाएगा। प्रथम चरण में 15 जनवरी को आंदोलन किया जा चुका है। द्वितीय चरण में 12 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक धरना स्थल बुढ़ा तालाब रायपुर में प्रदेश के सभी रसोइया एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
ज्ञापन पत्र के माध्यम से रसोइयों के समस्याओं को केन्द्र सरकार से पहल कर निराकरण करवाने का अनुरोध किया जाएगा। संघ की मांग है कि केन्द्र सरकार द्वारा घोषित श्रमिक अनुसूची में रसोइयों को शामिल करते हुए केन्द्र-राज्य सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम मजदूरी दिया जाए, ग्रीष्मकालीन अवकाश का मजदूरी दिया जाए, दो प्रति वर्दी, 9 दिन का आकस्मिक अवकाश, बीमा योजना का लाभ, पंजीयन, कार्य से पृथक रसोइयों को कार्य में वापस एवं रसोइयों के खातों को प्रधानमंत्री जन धन योजना से जोड़ा जाए।