- Hindi News
- कार्यों में गंभीर रहें अफसर, लक्ष्य करें पूरा : कलेक्टर
कार्यों में गंभीर रहें अफसर, लक्ष्य करें पूरा : कलेक्टर
कलेक्टर ने की स्किल डेवलपमेंट योजना की प्रगति की समीक्षा
भास्करन्यूज|बालोद
मुख्यमंत्रीकौशल विकास योजना एवं केन्द्र शासन की स्किल डेवलपमेंट योजना के तहत प्रशिक्षण के लिए जिले के युवाओं का उनकी रूचि के अनुसार चयन कर योजना के उद्देश्यों को पूरा करने के निर्देश देते हुए कलेक्टर ने अफसरों को इस योजना के क्रियान्वयन पर गंभीर रहने कहा है। कलेक्टर नरेंद्र शुक्ल मंगलवार को जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में कौशल विकास योजना की विभागवार प्रगति की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता की योजना है, अतः जिम्मेदारी पूर्वक लक्ष्य हासिल करें।
कलेक्टर श्री शुक्ल ने कहा कि कौशल विकास योजना के तहत जिले के पांचवीं, आठवीं, दसवीं उत्तीर्ण अथवा अनुत्तीर्ण या अन्य कम पढ़े लिखे बेरोजगारों को स्वाभिमान के साथ जीवन यापन के लिए उनकी रूचि के आधार पर रोजगार मूलक विभिन्न व्यवसायों में उन्हें प्रशिक्षित किया जाए। जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के अधिक से अधिक अवसर मिल सकेगा। कलेक्टर ने विभागवार लक्ष्य और उपलब्धि की जानकारी ली तथा अधिकारियों को कार्य में और अधिक तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में बताया गया कि अब तक जिले के 285 बेरोजगारों को कम्प्यूटर ट्रेनिंग, इलेक्ट्रिकल सर्विसेस, फेब्रिकेशन और राजमिस्त्री जैसे व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान 485 बेरोजगारों को विभिन्न व्यवसायों में उनकी रूचि के आधार पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है। कलेक्टर ने प्रशिक्षण हेतु नया बैच शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। बैठक में वनमंडल अधिकारी ए.के.वाहने, अपर कलेक्टर पुष्पा साहू, एस.डी.एम. बालोद आलोक पाण्डेय, एस.डी.एम. डौण्डीलोहारा एम.एस.ओट्टी, परियोजना निदेशक अशोक चौबे, सी.एस.एस.डी.ए. के सहायक संचालक विकास देशमुख सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।