वार्डों में नलों से आ रहा गंदा पानी
आमापारा व शिकारीपारा में लोग शाम तक करते रहे साफ पानी का इंतजार
भास्कर न्यूज|बालोद
शहर के वार्डो में पानी की समस्या से अभी से शुरू हो गई है। शुक्रवार को आमापारा, शिकारीपारा, कुंदरूपारा, रेलवे कालोनी, जवाहरपारा, नयापारा, संजय नगर, पाररास सहित अन्य वार्डो में संचालित नलों में गंदा पानी आने से लोग परेशान रहे।
आमापारा वार्ड के जुगरू चौक, शिव मंदिर में साफ पानी के इंतजार में नागरिक सुबह से शाम तक डटे रहे लेकिन गंदा पानी ही नसीब हो पाया। सुबह पांच बजे और शाम 6 बजे तक नागरिक नलों के सामने बाल्टी रखे नजर आए। लेकिन साफ पानी नहीं मिलने पर परेशान दिखे। गंदा पानी आने की स्थिति में ज्यादातर नागरिकों ने कुएं के पानी का उपयोग किया। आमापारा वार्ड के कुएं में भी प्लास्टिक बाटल व पाॅलीथिन का ढेर लगा हुआ है। आमापारा के अरविंद, राजू ने बताया कि कुएं का जलस्तर कम हो चुका है। नाले में गंदगी पसरा हुआ है। वहीं घर में संचालित नलों में गंदा पानी आ रहा है। ऐसे में करें भी तो क्या। गर्मी की शुरुआत अभी सही ढंग से हुई नहीं है, लेकिन पेयजल समस्या से जूझना पड़ रहा है। यहीं स्थिति रही तो आने वाले दिनों में ज्यादा परेशान होना पड़ेगा।
अफसरों से करेंगे चर्चा
आमापारा वार्ड के अलावा अधिकांश जगहों में संचालित नलों में गंदा पानी आने की शिकायत है। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन व कलेक्टर को अवगत कराएंगे। खरखरा केनाल में निस्तारी की समस्या है। अफसरों से चर्चा करेंगे। योगराज भारती, पार्षद, आमापारा
दूसरे वार्ड से ला रहे पानी
आमापारा वार्ड की सुनिति यादव, चंद्रिका यादव, पुष्पा बाई ने बताय कि घर के पास दो नल लगे है। लेकिन शोपीस साबित हो रहे है। दोनों नल से पीने लायक पानी नहीं निकल रहा है। स्थिति यह है कि रोजाना दूसरे वार्ड में जाकर पानी लाना पड़ रहा है। सुलोचना बाई, शैलबाला ने बताया कि कुएं में पानी भरने के लिए मशक्कत करना पड़ रहा है।
टैंकर से की गई सप्लाई
शहर में गंदा पानी आने की शिकायत मिली है। जिन जगहों में ज्यादा समस्या रही, वहां टैंकर के माध्यम से पानी सप्लाई की गई। नागरिकों को साफ व पर्याप्त पानी मिले। इसके लिए विभागीय अधिकारियों से चर्चा करेंगे। विकास चोपड़ा, अध्यक्ष, नगर पालिका बालोद
हिंगेश्वरी बाई ने बताया कि घर के पास खरखरा केनाल है। लेकिन पानी कम होने की वजह से निस्तारी में परेशानी हो रही है।
काशीराम यादव ने कहा कि घर के पास तीनों नल में टोटी नहीं लगी है। पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है। पहले टैंकर आता था लेकिन अब नहीं आ रहा है।
उषा बाई ने बताया कि पानी कम आ रहा है। जो पानी निकल रहा है, वह पीने लायक नहीं है। कपड़े से छानकर पानी भरते हंै तो मिट्टी की परत जम रही है।
आमापारा वार्डवासी कुमारी बाई ने बताया कि साफ पानी के लिए परेशानी हो रही है। रोजाना नल व कुएं में सुबह 7 बजे से लाइन लगाते हैं। 9 बजे तक पानी नहीं मिलता।
रोज सुबह से ही लग रही लाइन, नलों में टोटी भी नहीं
निस्तारी की भी दिक्कत
वार्डवासी तिलक यादव, रत्तीराम यादव, धनुष रात्रे, शुभम मांडले ने बताया कि नल में साफ पानी नहीं निकलने से विभिन्न समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। वहीं निस्तारी में भी परेशानी आ रही है, क्योंकि खरखरा केनाल में पानी कम हो चुका है। साफ पानी नहीं छोड़ा गया है। खरखरा केनाल में घुटने तक पानी है। जिसमें बदबू आ रहा है। नहाने के लिए दो किलोमीटर का सफर कर तांदुला डेम जाना पड़ रहा है। बहरहाल क्षेत्र में घटते जल स्तर का असर दिखने लगा है। इससे वार्डवासी परेशान हैं।
बालोद। शुक्रवार शाम 6 बजे आमापारा वार्ड के साफ पानी भरने के लिए मशक्कत करते वार्डवासी।