प्रधानमंत्री मुद्रा योजना से 30.50 करोड़ वितरित
बालोद|प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत अब तक जिले के तीन हजार सात सौ हितग्राहियों को 30 करोड़ 50 लाख रुपए से ज्यादा का ऋण उपलब्ध कराने का दावा जिला प्रशासन ने किया है। समाज के गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को स्वावलंबी बनाने के लिए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना चल रही है। प्रशिक्षित युवाओं और छोटे उद्यमियों को रोजगार स्थापित करने तथा व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए 50 हजार रुपए से लेकर दस लाख रुपए तक की ऋण राशि कम कागजी कार्रवाई में दिया जा रहा हैं। कलेक्टर राजेश सिंह राणा ने बताया कि जिले के विभिन्न बैंकों द्वारा गांव-गांव में शिविर लगाकर ऋण स्वीकृत किया जा रहा है। अब तक शिशु कैटेगरी के तहत तीन हजार 141 हितग्राहियों को दस करोड़ चार लाख 71 हजार रुपए, किशोर कैटेगरी में 474 हितग्राहियों को 11 करोड़ चार लाख 39 हजार रुपए, तरूण कैटेगरी में 85 हितग्राहियों को नौ करोड़ 41 लाख 13 हजार रुपए का ऋण दिया गया है ।