पसौद में व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण
ग्रामपसौद में व्यावसायिक परिसर का लोकार्पण कार्यक्रम हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि गुंडरदेही विधायक राजेन्द्र राय ने कहा कि परिसर बन जाने से ग्रामीणों को काफी सुविधा मिलेगी। लोगों को व्यवसाय करने में दिक्कत नहीं आएगी। ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं को प्रभारी सरपंच पोषण साहू ने मांग पत्र के रूप में विधायक के समक्ष रखा।
ग्रामीणों ने विधायक को बताया कि पसौद-सलौनी मार्ग का गिट्टी मुरुमीकरण नहीं होने से आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही इस मार्ग में रपटा बनाया गया है, वह भी अब जर्जर होता जा रहा है। बारिश के दिनों में रपटा का कोई महत्व नहीं होता। ऐसे में रपटा की जगह नए पुलिया का निर्माण किया जाना चाहिए ताकि बारहमासी आवागमन में सुविधा हो। साथ ही गांव में पक्की नाली निर्माण, स्कूल में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था, रिपेयरिंग सहित विभिन्न समस्याओं को अवगत कराया गया। जिस पर विधायक ने इन मांगो को पूरा करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम को जिला पंचायत सभापति अनिता साहू, नारायण साहू, नगर पंचायत अध्यक्ष केके राजू चंद्राकर, जनपद सदस्य लेखराम साहू, संजय साहू ने भी संबोधित किया।