कांग्रेसी पार्षद आए अध्यक्ष के बचाव में
नगर पालिका में बाजार वसूली दर को दो की जगह दो सौ प्रतिशत किए जाने के मामले में कांग्रेसी पार्षद अध्यक्ष के बचाव में आ गए हैं। उनका कहना है कि यह लिपिकीय त्रुटि है। राजनीतिक द्वेशवश नपा अध्यक्ष को फंसाने का प्रयास किया जा रहा है।
पार्षद कमल निषाद, पद्मनी साहू, छबि वर्मा, नरोत्तम साहू का कहना है कि जिला प्रशासन नगर पालिका विकास चोपड़ा व पूरी पालिका को बदनाम कर उसे फंसाने की साजिश रच रहा है। जांच की पूरी प्रक्रिया में अध्यक्ष को दूर रखना ही इस बात का प्रमाण मिलता है कि यह बस योजनाबद्ध तरीके से किया जा रहा है। उनका कहना है कि इस पर अध्यक्ष का अभिमत भी नहीं लिया गया है। मिनट बुक में कांट-छांट की जानकारी भी निर्वाचित पार्षदों को नहीं है।
उन्होंने इसे गलत बताया है। उनका कहना है कि सभी पार्षदों की उपस्थिति में लिपिक द्वारा जो त्रुटि होती है, उसे परिषद में पार्षदों की उपस्थिति में ही सुधारा जाता है। यह जानकारी पार्षदों को नहीं दी गई। उन्हेांने मिनट बुक को प्रशासन द्वारा रखे जाने पर भी शंका जाहिर की है।
क्या है पूरा मामला: पार्षद नितेश वर्मा द्वारा बाजार ठेके में बरती गई गड़बड़ी व लगभग 200 प्रतिशत दर तक ठेके में हुई वृद्धि के साथ-साथ कई मुद्दों की लिखित शिकायत कर जांच की मांग की थी। लगातार मिल रही शिकायत को लेकर कलेक्टर राजेश सिह राणा ने 5 सदस्यीय टीम डिप्टी कलेक्टर जीएस नांग के नेतृत्व में गठित कर जांच के आदेश जारी किया।
लगातार 3 दिनों तक नगर पालिका की जांच में जुटे अधिकारियों ने पाया कि बाजार ठेकेदार को लाभ पहुंचाने के लिए मिनिट बुक में ही काट-छाट की गई है और मामला पुलिस को जांच के लिए सौंप दिया।
जानिए मामले की जांच में यह भी आया सामने: शहर में नगर पालिका ने बाजार नीलामी को लेकर 26 फरवरी 2015 को बैठक रखी की थी जिसमें विषय क्रंमाक 7 पर बाजार नीलामी के संदर्भ में निर्णय लिया गया।
पिछले साल की तुलना में बाजार नीलामी में 10 प्रतिशत की वृद्धि प्रस्तावित की गई थी। जबकि वसूली दरों में काट-छाट कर 200 प्रतिशत की वृद्धि कर दी गई।
नियमानुसार अगर नगर पालिका द्वारा बाजार दर में की गई वृद्धि दर के हिसाब से नीलामी की जाती तो लगभग 10 लाख रुपए की अधिक आय नगर पालिका को हो सकती थी। परंतु ठेकेदार को लाभ पहुंचाने नगर पालिका ने नीलामी के उपरांत बिना किसी सहमति के मिनिट बुक में छेड़छाड़ करते हुए बाजार दर में बेतहाशा वृद्धि कर दी। जिससे नगर पालिका को लाखों रुपए नुकसान हुआ। हालांकि जांच रिपोर्ट में यह बात स्पष्ट हो चुकी है कि मिनिट बुक में छेड़छाड़ हुई है।
शिकायत के बाद हुई जांच
बाजार दरों में एकाएक हुई बेतहाशा वृद्धि को लेकर छोटे-छाटे सब्जी आदि पसरा व्यापरियों के बीच हड़कंप की स्थिति है। लगातार ठेकेदार द्वारा अनाप-शनाप की जा रही वसूली की शिकायत लेकर बाजार खोंमचे वाले जिला योजना समिति के सदस्य एवं पार्षद नितेश वर्मा के पास पहुंचे। उन्होंने इसकी शिकायत कलेक्टर से की। कलेक्टर ने मामले की जांच करवाई।
नियमानुसार होगी कार्रवाई
नगर पालिका में मीटिंग में हुई गड़बड़ी की शिकायत आई है। जांच के बाद नियम के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। गायत्री सिंग, एडिशनल, एसपी बालोद
बढ़ा-चढ़ाकर किया पेश
पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। जिला प्रशासन न मुझे और न ही मेरे पार्षदों को विश्वास में लिए बिना ही सारी कार्रवाई कर रहा है। यह एक सामान्य सी लिपिकीय त्रुटि है। जिसे बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया जा रहा है। विकास चोपड़ा, अध्यक्ष, नपा बालोद