3 दिन से वार्डवासियों को नहीं मिल रहा पीने का साफ पानी
पालिका का कहना संपवेल में नया मोटरपंप डाला गया, इसलिए आ रहा गंदा पानी
भास्कर न्यूज|बालोद
शनिवार को भी आमापारा, कुंदरूपारा, शिकारीपारा सहित अन्य वार्डो के नलों में गंदा पानी आया। इसकी वजह पालिका तांदुला मुक्तिधाम स्थित संपवेल में नया मोटरपंप लगाया जाना बता रहा है। उनकी मानें तो गुरुवार को संपवेल में दो मोटरपंप लगाया गया है। वहीं पुराने मोटरपंप की रिपेयरिंग की गई है। इस दौरान जंपिंग की वजह से पाइप लाइन में पहले से जाम पानी गंदा हो गया है। यहीं पानी नलों में सप्लाई हो रहा है। इस वजह से तीन दिनों से शहर के नलों में गंदा पानी आ रहा है। नगर पालिका का दावा है कि एक, दो वार्डो को छोड़कर ज्यादातर वार्डो में साफ पानी पहुंच रहा है। वहीं जिन वार्डो में गंदा पानी आ रहा होगा, वहां शनिवार शाम या रविवार सुबह तक साफ हो जाएगा। ज्ञात हो कि पिछले तीन दिन से ज्यादातर वार्डो में नलों से गंदा पानी आने की शिकायत है। नागरिकों को साफ पानी नहीं मिल पा रहा है। वहीं मिल रहा है तो पर्याप्त नहीं।
13 फरवरी को प्रकाशित खबर
15 मिनट आया गंदा पानी
वार्डवासी नेतराम, काशीराम, अरविंद यादव, लिलार साहू ने बताया कि शनिवार को नलों से मटमैला पानी आया। 15 मिनट तक गंदा पानी आया, फिर साफ पानी। इससे राहत नहीं मिल पाई। निर्धारित समय पर जब पानी नहीं आया तो सोचा पाइप लाइन में पानी रुका होगा लेकिन बाद में जब पानी आया तो लाल व बदबूदार पानी पूरा समय आया। नलों पर सूती कपड़ा लपेटकर पानी साफ किया।
गर्मी में और बढ़ेगी समस्या
आमापारा वार्ड पार्षद योगराज भारती ने कलेक्टर राजेश सिंह राणा को गंदा पानी आने व इससे वार्डवासियों को होने वाली समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि वार्ड में हर साल इस सीजन में पेयजल समस्या रहती है। गर्मी में पेयजल समस्या गंभीर हो जाती है। खरखरा केनाल में पानी नहीं होने की वजह से निस्तारी समस्या आ रही है। इससे लोगों को निजात नहीं मिल रहा है।
टैंकर से की सप्लाई
जिन वार्डो में गंदा पानी आने की शिकायत थी। वहां टैंकर से पानी सप्लाई की गई। मोटरपंप लगाने की वजह से गंदा पानी आया, अब सब ठीक है। विकास चोपड़ा, नपाध्यक्ष बालोद
तांदुला नदी मुक्तिधाम के पास स्थापित संपवेल में मोटरपंप लगाया गया है। इस वजह से नलों में गंदा पानी आ रहा होगा। ज्यादातर वार्डो में साफ पानी आ रहा है। कुछ वार्डो में ही गंदा पानी आने की शिकायत मिल रही है। जहां व्यवस्था सुधारने प्रयास कर रहे हैं। मालती अनिल यादव, सभापति, जलकार्य समिति नपा बालोद
बालोद। आमापारा वार्ड में शनिवार को भी नलों से गंदा पानी आया।