शहादत दिवस पर मड़ई-मेला सभा कल
अफसरों ने देखी तैयारी व्यवस्था
सर्वआदिवासी समाज जिला बालोद, धमतरी कांकेर के तत्वावधान में वीर नारायण सिंह शहादत दिवस 10 दिसंबर को नेशनल हाईवे के राजाराव पठार में मनाया जाएगा। इस मौके पर वीर मड़ई मेला, शहीद वीर नारायण सिंह श्रद्धांजलि सभा, राज्य स्तरीय आदिवासी हाट, आदिवासी महापंचायत सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। कार्यक्रम की तैयारी चल रही है। झूले स्टॉल लगाए जा रहे हैं।
उपाध्यक्ष जीआर राणा ने बताया कि शहीद वीर नारायण की जन्म भूमि सोनाखान से तीनों जिलों के लिए वीर माटी लाने बहादुर सिंह मरकाम, नकुल नेताम, तेनसिंह ध्रुव, विष्णु नेताम, पीताम्बर नेता के नेतृत्व में सोमवार को सुबह 7 बजे गोड़वाना भवन धमतरी से रवाना हो गए हैं। 9 दिसंबर को वीर माटी लेकर बालोद के लिए रवाना होंगे। वीर नारायण माटी का स्वागत सुबह 10.30 बजे गोड़वाना भवन बालोद के पास दोपहर 2 बजे कांकेर में होगा। 10 दिसंबर को 8 बजे तीनों जिले बालोद, धमतरी कांकेर से वीर माटी को कलश में स्थापित कर एक साथ रैली के रूप में 12.30 बजे राजाराव पठार पहुचेंगे। तीनों जिले के वीर माटी कलश को एक साथ रखकर श्रद्धांजलि दी जाएगी।
कार्यक्रम में शामिल होंगे मुख्यमंत्री
कार्यक्रममें 10 दिसंबर को मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह शामिल होंगे। जिले के प्रभारी मंत्री अजय चंद्राकर, पूर्व मंत्री अरविंद नेताम, राज्यसभा सांसद नंदकुमार साय, प्रांतीय अध्यक्ष जयलक्ष्मी ठाकुर, संयोजक बीएल ठाकुर, जे मिंज, पीआर नाइक, कोषाध्यक्ष यूआर गंगराले, वीएस रावटे, विनोद नागवंशी, चंद्रिका ठाकुर विशेष रूप से मौजूद रहेंगे।
सोमवार को एसडीएम आलोक पांडेय, तहसीलदार धनराज मरकाम, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस डीपी ठाकुर, पीडब्ल्यूडी ईई एमएल उइके, गुरुर थाना प्रभारी बीएम पैकरा नायब तहसीलदार एमके सोरी ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर राजाराव पठार में बैठक हुई। कार्यक्रम की रूपरेखा के साथ अन्य बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
वीर नारायण सिंह शहादत दिवस के लिए राजाराव पठार में लग गए हैं झूले हाट-बाजार।